नई दिल्ली : एथेनॉल सप्लाई ईयर (ESY) 2025-26 में 30 अप्रैल 2026 तक देश में एथेनॉल की कुल आपूर्ति लगभग 515 करोड़ लीटर तक पहुंच गई है। यह कुल अनुबंधित मात्रा 1,059 करोड़ लीटर का लगभग 49 प्रतिशत है।रिपोर्ट के अनुसार, शीरा आधारित कच्चे माल में गन्ना रस (एससीजे) सबसे बड़ा योगदानकर्ता बनकर उभरा है। गन्ना रस से लगभग 130 करोड़ लीटर एथेनॉल की आपूर्ति हुई, जबकि इसके लिए करीब 164 करोड़ लीटर का अनुबंध किया गया था। इस प्रकार अनुबंधित मात्रा का लगभग 79 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया गया।
बी-हेवी शीरा (BHM) से लगभग 45 करोड़ लीटर एथेनॉल की आपूर्ति हुई, जबकि अनुबंधित मात्रा 113 करोड़ लीटर थी। वहीं सी-हेवी शीरा (CHM) से लगभग 7 करोड़ लीटर एथेनॉल की आपूर्ति की गई, जो 14 करोड़ लीटर के अनुबंधित लक्ष्य का लगभग 51 प्रतिशत है। कुल मिलाकर शीरा आधारित क्षेत्र ने 291 करोड़ लीटर के अनुबंध के मुकाबले लगभग 182 करोड़ लीटर एथेनॉल की आपूर्ति की। अनाज आधारित डिस्टिलरी की बात करें तो मक्का सबसे बड़ा योगदानकर्ता रहा। मक्का से लगभग 182 करोड़ लीटर एथेनॉल की आपूर्ति हुई, जबकि अनुबंधित मात्रा 479 करोड़ लीटर थी।
अधिशेष खाद्यान्न (एसएफजी) से लगभग 125 करोड़ लीटर एथेनॉल की आपूर्ति हुई, जबकि 233 करोड़ लीटर का अनुबंध था। वहीं क्षतिग्रस्त खाद्यान्न (डीएफजी) से लगभग 26 करोड़ लीटर एथेनॉल की आपूर्ति दर्ज की गई। कुल अनाज आधारित एथेनॉल आपूर्ति लगभग 333 करोड़ लीटर रही, जबकि अनुबंधित मात्रा 767 करोड़ लीटर थी। रिपोर्ट में बताया गया कि, गन्ना पेराई सीजन के दौरान गन्ना रस आधारित एथेनॉल की मासिक आपूर्ति लगातार मजबूत बनी रही। जनवरी 2026 में यह आपूर्ति लगभग 31.85 करोड़ लीटर के उच्चतम स्तर पर पहुंची और अप्रैल तक मजबूत गति बनी रही।

















