एथेनॉल मिश्रण से लगभग 1.13 लाख करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा की बचत: ‘विस्मा’ के अध्यक्ष बी. बी. ठोंबरे

पुणे: वेस्ट इंडियन शुगर मिल्स एसोसिएशन (विस्मा) के अध्यक्ष बी. बी. ठोंबरे ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि, जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता कम करने के लिए जैव ईंधन (बायोफ्यूल) को अपनाना देश के लिए आर्थिक और ऊर्जा सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण साबित हो रहा है। भारत सरकार द्वारा एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (ईबीपी) कार्यक्रम लागू किए जाने के बाद सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों द्वारा किए गए एथेनॉल मिश्रण के कारण वर्ष 2014 से 2024 के बीच लगभग 1.13 लाख करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा की बचत हुई है। साथ ही, कच्चे तेल के आयात की आवश्यकता 19.3 मिलियन मीट्रिक टन तक कम हुई है।

प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि, वरिष्ठ वैज्ञानिक और पद्मविभूषण सम्मान से सम्मानित डॉ. रघुनाथ अनंत माशेलकर ने भारत के एथेनॉल-मिश्रित E20 ईंधन कार्यक्रम का जोरदार समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि परिवहन ईंधन के रूप में इथेनॉल की उपयोगिता पहले ही सिद्ध हो चुकी है और यह भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।सीएसआईआर (CSIR) के पूर्व महानिदेशक डॉ. माशेलकर ने कहा कि, ब्राज़ील में पिछले 30-40 वर्षों से इथेनॉल आधारित वाहनों का सफल उपयोग हो रहा है, जो यह साबित करता है कि इथेनॉल एक व्यावहारिक और प्रभावी ईंधन विकल्प है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

उन्होंने कहा कि, एथेनॉल और अन्य स्वदेशी ईंधनों के अधिक उपयोग से भारत आयातित कच्चे तेल पर अपनी निर्भरता कम कर सकता है और ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन सकता है। पश्चिम एशिया में हाल के भू-राजनीतिक तनावों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति में बाधाओं ने भारत के लिए स्वदेशी वैकल्पिक ईंधनों को तेजी से अपनाने की आवश्यकता को और अधिक स्पष्ट कर दिया है।

अन्य स्वच्छ ईंधनों के विकास पर भी जोर

डॉ. माशेलकर ने कहा कि भारत को इथेनॉल के साथ-साथ मेथेनॉल, डाइमिथाइल ईथर, संपीड़ित बायोगैस (CBG) और बायोमास आधारित ग्रीन हाइड्रोजन जैसे स्वच्छ ईंधनों के विकास को भी गति देनी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि अनुपजाऊ और आंशिक रूप से अनुपजाऊ भूमि पर नेपियर घास जैसी ऊर्जा फसलें उगाकर संपीड़ित बायोगैस और ग्रीन हाइड्रोजन का उत्पादन किया जा सकता है, जिससे खाद्यान्न उत्पादन पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा।

एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (ईबीपी) कार्यक्रम वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित है और केंद्र सरकार इसकी निरंतर निगरानी कर रही है।मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भ्रामक दावों का खंडन करते हुए कहा कि पुराने फोटो और वीडियो को बार-बार साझा कर जनता में अनावश्यक भ्रम और चिंता पैदा की जा रही है।

मंत्रालय के अनुसार, इथेनॉल मिश्रण अमेरिका, ब्राज़ील और जापान सहित कई देशों में सफलतापूर्वक लागू की गई वैश्विक रूप से स्वीकार्य प्रणाली है। ब्राज़ील में लंबे समय से उच्च स्तर के इथेनॉल मिश्रण का उपयोग किया जा रहा है।भारत में यह कार्यक्रम वर्ष 2003 में शुरू किया गया था, जिसका उद्देश्य कच्चे तेल का आयात कम करना, ऊर्जा सुरक्षा बढ़ाना और पर्यावरणीय स्थिरता को प्रोत्साहित करना था। सभी तकनीकी मानकों को पूरा करने के बाद इसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया गया और वर्ष 2023 से E20 (20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रण) नीति लागू की गई।

इंजनों में किसी बड़ी समस्या की पुष्टि नहीं

मंत्रालय ने कहा कि E20 पेट्रोल लागू होने के बाद इंजन फेल होने या वाहनों के बंद पड़ने जैसी कोई बड़ी समस्या दर्ज नहीं की गई है। इथेनॉल के हाइग्रोस्कोपिक (नमी सोखने वाले) गुण को लेकर फैलाए जा रहे दावों पर मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार के ईंधन की टंकी में पानी जाना स्वीकार्य नहीं है। आधुनिक वाहनों में ईंधन टैंक को इस प्रकार डिजाइन किया जाता है कि उसमें पानी प्रवेश न कर सके।

गन्ने का रस सीधे पेट्रोल में मिलाने का दावा गलत

मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि कुछ लोग यह भ्रामक प्रचार कर रहे हैं कि गन्ने का रस सीधे पेट्रोल में मिलाया जाता है, जबकि यह पूरी तरह निराधार है।ईंधन में उपयोग किया जाने वाला इथेनॉल नियंत्रित औद्योगिक प्रक्रिया के माध्यम से तैयार किया जाता है और पेट्रोल में मिश्रण से पहले कड़े गुणवत्ता मानकों को पूरा करता है। यह गन्ने का रस, शीरा (मोलासेस), चावल और मक्का जैसे विभिन्न कृषि आधारित कच्चे माल से बनाया जाता है, लेकिन किण्वन (फर्मेंटेशन) और आसवन (डिस्टिलेशन) जैसी प्रक्रियाओं के बाद इसका स्वरूप मूल कच्चे माल से पूरी तरह अलग हो जाता है।

1.4 लाख करोड़ रुपये से अधिक विदेशी मुद्रा की बचत

मंत्रालय के अनुसार, इथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम के कारण देश को 1.4 लाख करोड़ रुपये से अधिक की विदेशी मुद्रा बचाने में मदद मिली है। इससे इथेनॉल उत्पादन के लिए कृषि आधारित कच्चे माल की स्थायी मांग बनी है, जिससे किसानों की आय को समर्थन मिला और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।

एथेनॉल मिश्रण का विरोध नहीं होना चाहिए: किसान संगठन

किसान संगठन की सहकार आघाड़ी के महाराष्ट्र प्रदेश प्रमुख संजय कोले ने कहा कि इथेनॉल मिश्रण से वाहनों के इंजन खराब होने का प्रचार भ्रामक और राजनीतिक प्रेरित है।उन्होंने कहा कि इथेनॉल मिश्रण से देश की हजारों करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा बच रही है और प्रदूषण में भी उल्लेखनीय कमी आ रही है। वाहन के इंजन में पानी जाने की समस्या केवल इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल तक सीमित नहीं है; वर्षा, वाहन धुलाई या ईंधन टैंक का ढक्कन ठीक से बंद न होने पर भी नमी प्रवेश कर सकती है।उन्होंने यह भी कहा कि इथेनॉल उत्पादन में पानी की अत्यधिक खपत होने और भविष्य में जल संकट पैदा होने का प्रचार भी तथ्यों पर आधारित नहीं है। पेट्रोल पंपों पर ईंधन टैंकों की नियमित जांच की जाती है, जिससे पानी की समस्या नहीं होती।

किसानों ने एथेनॉल कार्यक्रम को दिया समर्थन

नई दिल्ली स्थित कृषि भवन में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ हुई बैठक में देशभर के किसान नेताओं ने इथेनॉल उत्पादन के विस्तार का जोरदार समर्थन किया।पंजाब, हरियाणा, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु सहित कई राज्यों के प्रतिनिधियों वाले ऑल इंडिया किसान कोऑर्डिनेशन कमेटी (AIKCC) के प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इथेनॉल किसानों की आय बढ़ाने और भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने का एक बड़ा अवसर है।उन्होंने कहा कि गन्ना, मक्का और चावल जैसी फसलों को पारंपरिक कृषि मंडियों से परे अतिरिक्त बाजार उपलब्ध होगा, जिससे किसानों को बेहतर आर्थिक लाभ मिल सकेगा।

एथेनॉल नीति से चीनी उद्योग को स्थिरता

अतिरिक्त चीनी उत्पादन के कारण गन्ने और चीनी के दामों में गिरावट का खतरा इथेनॉल नीति के कारण काफी हद तक कम हुआ है। इससे चीनी उद्योग को आर्थिक स्थिरता मिली है और गन्ना उत्पादक किसानों को भी लाभ पहुंचा है।किसान नेता शरद जोशी ने वर्षों पहले ब्राज़ील की तर्ज पर गन्ने और शीरे से इथेनॉल उत्पादन कर उसे पेट्रोल में उपयोग करने का विचार रखा था, जिसे अब देश में व्यापक रूप से लागू किया जा रहा है।

भारतीय वाहन उद्योग और ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ARAI), पुणे ने भी स्पष्ट किया है कि इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल से इंजन को कोई नुकसान नहीं होता। इसे पर्यावरण के अनुकूल, आयात का प्रभावी विकल्प और किसानों को आर्थिक स्थिरता देने वाला जैव ईंधन मानते हुए वेस्ट इंडियन शुगर मिल्स एसोसिएशन (विस्मा) ने भारत सरकार के राष्ट्रीय इथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम का पूर्ण समर्थन किया है।

 

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here