गन्ने के दाम पर मध्य प्रदेश में किसानों का आर-पार का संघर्ष, 600 रुपये प्रति क्विंटल की मांग को लेकर भोपाल कूच की तैयारी

नरसिंहपुर: मध्य प्रदेश के ‘शक्कर के कटोरे’ के रूप में पहचाने जाने वाले नरसिंहपुर जिले में गन्ने की कीमत को लेकर किसानों और चीनी मिल संचालकों के बीच टकराव बढ़ता जा रहा है। Etv भारत में प्रकाशित खबर के अनुसार, किसान गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग कर रहे हैं, जबकि चीनी मिल संचालक 450 रुपये प्रति क्विंटल से अधिक भुगतान करने को तैयार नहीं हैं। प्रशासन की मध्यस्थता में हुई बैठक के बावजूद दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन पाई है।किसान संगठनों का सवाल है कि, जब बाजार में चीनी की कीमत 60 से 62 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है, तो किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य क्यों नहीं दिया जा रहा है। इसी मांग को लेकर किसान पिछले एक सप्ताह से कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। अब 23 नवंबर को भोपाल में आंदोलन की रणनीति तैयार की गई है। इसके लिए बड़ी संख्या में नरसिंहपुर के किसानों के राजधानी पहुंचने की तैयारी है।

प्रदेश के गन्ना उत्पादन में नरसिंहपुर की बड़ी हिस्सेदारी

ChiniMandi WhatsApp Channel

नरसिंहपुर में गन्ने की खेती केवल एक कृषि गतिविधि नहीं, बल्कि जिले की ग्रामीण अर्थव्यवस्था का प्रमुख आधार है। कृषि विभाग के वर्ष 2024-25 के आंकड़ों के अनुसार, जिले में करीब 53,401 हेक्टेयर क्षेत्र में गन्ने की खेती की गई और इसका कुल उत्पादन लगभग 33.81 लाख टन रहा।वहीं, लोकसभा में कृषि मंत्रालय की ओर से दिए गए जवाब के मुताबिक, वर्ष 2024-25 में मध्य प्रदेश का कुल गन्ना उत्पादन 74.10 लाख टन था। इस हिसाब से राज्य के कुल उत्पादन में नरसिंहपुर की हिस्सेदारी लगभग 45.6 प्रतिशत रही।इसका मतलब है कि मध्य प्रदेश में पैदा होने वाले हर 100 टन गन्ने में करीब 46 टन गन्ना अकेले नरसिंहपुर जिले से आता है। ऐसे में गन्ने के मूल्य में होने वाला बदलाव जिले के हजारों किसानों और उनसे जुड़े कारोबार को सीधे प्रभावित करता है।

गन्ने से चीनी ही नहीं, कई उद्योगों को मिलता है कच्चा माल

गन्ने का इस्तेमाल केवल चीनी बनाने तक सीमित नहीं है। एक क्विंटल यानी 100 किलो गन्ने से औसतन 9 से 11 किलो चीनी प्राप्त हो सकती है। हालांकि, वास्तविक मात्रा गन्ने की गुणवत्ता और शुगर रिकवरी पर निर्भर करती है। इसके अलावा करीब 26 से 32 किलो बैगास यानी गन्ने का रेशेदार अवशेष निकलता है। इसका इस्तेमाल चीनी मिलों में बॉयलर चलाने और बिजली उत्पादन के लिए किया जाता है। इससे लगभग 4 से 5 किलो अंतिम शीरा यानी मोलासेस भी प्राप्त हो सकता है, जिसका उपयोग एथेनॉल और अन्य औद्योगिक उत्पाद बनाने में होता है। चीनी उत्पादन के दौरान प्रेसमड भी निकलता है, जिसका इस्तेमाल जैविक खाद बनाने में किया जा सकता है।

इस तरह गन्ने से चीनी, एथेनॉल, बिजली, पशु आहार और जैविक खाद जैसे कई उत्पाद तैयार होते हैं। नरसिंहपुर के बचई स्थित महाकौशल शुगर एंड पावर इंडस्ट्रीज की कंपनी वेबसाइट के अनुसार, यहां प्रतिदिन 8 हजार टन गन्ने की पेराई की क्षमता है। कंपनी के पास 36 मेगावाट क्षमता का को-जनरेशन प्लांट भी है, जिससे बिजली बनाई जाती है। इसमें से लगभग 10 मेगावाट बिजली ग्रिड को बेची जाती है। यह स्पष्ट करता है कि, गन्ने से निकलने वाले उप-उत्पाद भी चीनी उद्योग के लिए कमाई का महत्वपूर्ण जरिया हैं।

नरसिंहपुर में चीनी मिलों का बड़ा नेटवर्क

मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के उद्योग रिकॉर्ड में नरसिंहपुर जिले की प्रमुख चीनी इकाइयों में महाकौशल शुगर एंड पावर इंडस्ट्रीज, नर्मदा शुगर मिल्स, करेली शुगर मिल्स, शक्ति शुगर मिल, आकृति शुगर मिल, राज राजेश्वरी शुगर और वंशिका शुगर एंड पावर इंडस्ट्रीज के नाम दर्ज हैं। केंद्र सरकार के एक संसदीय जवाब में जिले में आठ निजी चीनी मिलों का उल्लेख किया गया है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, नर्मदा शुगर की पेराई क्षमता 5 हजार टन प्रतिदिन, शक्ति शुगर मिल की 4 हजार टन प्रतिदिन और आकृति शुगर मिल की 2,500 टन प्रतिदिन है। वहीं, महाकौशल शुगर की क्षमता 8 हजार टन प्रतिदिन बताई गई है। इन आंकड़ों से जिले में गन्ना प्रसंस्करण उद्योग के व्यापक दायरे का अंदाजा लगाया जा सकता है।

एक एकड़ में गन्ने की खेती पर 60 से 70 हजार रुपये खर्च

गन्ना किसान गिरिराज सिंह के मुताबिक, खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि एक एकड़ में गन्ने की फसल तैयार करने पर करीब 60 से 70 हजार रुपये तक खर्च आता है। इसमें खेत की तैयारी, बीज, खाद, कीटनाशक, सिंचाई, बिजली, डीजल, मजदूरी और कटाई-ढुलाई का खर्च शामिल है। उनका कहना है कि मजदूरी, पेट्रोल-डीजल और कृषि सामग्री की कीमतें बढ़ने से किसानों पर आर्थिक दबाव बढ़ गया है। यह लागत तब है, जब किसान के पास खुद की जमीन हो। यदि खेती के लिए जमीन किराए पर लेनी पड़े, तो खर्च और बढ़ जाता है। किसानों का तर्क है कि गन्ने की फसल तैयार करने में करीब एक साल तक पूंजी लगी रहती है और भुगतान के लिए भी उन्हें चीनी मिलों पर निर्भर रहना पड़ता है। ऐसे में मौजूदा गन्ना मूल्य उनके लिए लाभकारी नहीं है।

चीनी 60 रुपये किलो, फिर गन्ने का भाव 450 रुपये क्यों?

गन्ना किसानों का कहना है कि पिछले वर्षों में जब बाजार में चीनी करीब 40 रुपये प्रति किलो बिक रही थी, तब गन्ने का भाव लगभग 400 रुपये प्रति क्विंटल था। अब चीनी की कीमत बढ़कर 60 से 62 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है, लेकिन गन्ने के मूल्य में उसी अनुपात में बढ़ोतरी नहीं हुई है। किसान संगठनों का कहना है कि चीनी मिलों को चीनी के अलावा एथेनॉल, शीरे और बिजली से भी आमदनी होती है। ऐसे में इन सभी उत्पादों से होने वाली कमाई को ध्यान में रखते हुए किसानों को गन्ने का उचित मूल्य दिया जाना चाहिए।

प्रशासन की बैठक बेनतीजा, अब भोपाल में आंदोलन की तैयारी

गन्ने के दाम बढ़ाने की मांग को लेकर किसान संगठनों ने कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया है। प्रशासन की मध्यस्थता में किसान प्रतिनिधियों और चीनी मिल संचालकों के बीच बैठक भी हुई। इसमें किसानों ने 600 रुपये प्रति क्विंटल की मांग रखी, जबकि मिल संचालक करीब 450 रुपये प्रति क्विंटल भुगतान करने की बात पर अड़े रहे।बैठक में गन्ने के मूल्य में कुछ बढ़ोतरी को लेकर चर्चा हुई, लेकिन किसानों ने प्रस्ताव को पर्याप्त नहीं माना। इसके चलते विवाद का समाधान नहीं हो सका।

राष्ट्रवादी किसान संगठन के नेता प्रतीक शर्मा ने कहा कि किसानों की मांग अनुचित नहीं है। उन्होंने कहा, “जब पहले चीनी की कीमत करीब 40 रुपये प्रति किलो थी, तब गन्ने का भाव 400 रुपये प्रति क्विंटल था। अब चीनी 60 रुपये प्रति किलो से अधिक बिक रही है, लेकिन किसानों को करीब 450 रुपये प्रति क्विंटल देने की बात कही जा रही है। गन्ने की खेती की लागत भी बढ़ गई है। ऐसे में किसानों को 600 रुपये प्रति क्विंटल मिलना चाहिए।”उन्होंने बताया कि, प्रशासन की मध्यस्थता के बाद भी चीनी मिल संचालकों के साथ सहमति नहीं बन पाई है। इसलिए किसान संगठनों ने 23 नवंबर को भोपाल में आंदोलन करने का फैसला किया है। इसके लिए बड़ी संख्या में किसानों के राजधानी पहुंचने की तैयारी है।

दूसरे राज्यों में भी गन्ना मूल्य बढ़ाने को लेकर आंदोलन

देश के कई राज्यों में गन्ने के दाम बढ़ाने की मांग को लेकर किसान आंदोलन कर रहे हैं। हरियाणा में किसान 600 रुपये प्रति क्विंटल की मांग को लेकर धरने पर हैं। पंजाब में 550 रुपये प्रति क्विंटल की मांग को लेकर सड़क और रेल यातायात रोकने की तैयारी की जा रही है। वहीं, कर्नाटक में किसान अधिक खरीद मूल्य की मांग कर रहे हैं, जबकि महाराष्ट्र में 4,500 रुपये प्रति टन भुगतान की मांग को लेकर प्रदर्शन और हाईवे जाम किए जा चुके हैं।

गन्ना किसानों के लिए नीति बनाने की मांग

गन्ने की कीमतों को लेकर जारी विवाद के बीच किसानों का कहना है कि मध्य प्रदेश में यह समस्या मुख्य रूप से नरसिंहपुर जिले में सामने आ रही है, लेकिन इस पर सरकार का पर्याप्त ध्यान नहीं है।दावा किया जा रहा है कि जिले में हर साल करीब 2,000 करोड़ रुपये का चीनी उत्पादन होता है। 5 प्रतिशत जीएसटी के हिसाब से इससे लगभग 100 करोड़ रुपये का प्रत्यक्ष राजस्व मिलने का अनुमान है। इसके बावजूद किसानों का आरोप है कि राज्य सरकार के पास गन्ने की कीमतों को लेकर कोई स्पष्ट नीति नहीं है।किसानों के मुताबिक, मध्य प्रदेश में फिलहाल गन्ने का भाव 350 रुपये प्रति क्विंटल के आसपास है। उनका कहना है कि बढ़ती लागत और चीनी समेत अन्य उत्पादों से मिलों को होने वाली कमाई को देखते हुए गन्ने का मूल्य बढ़ाना जरूरी है। किसानों का मानना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here