फिजी : गन्ना कटाई के लिए मजदूरों की कमी; लौटोका चीनी मिल का उत्पादन प्रभावित

सुवा : : गन्ना कटाई करने वाले मजदूरों की कमी के कारण फिजी की लॉटोका चीनी मिल में कामकाज धीमा पड़ गया है। फिजी शुगर कॉरपोरेशन (FSC) के अनुसार, मिल में गन्ने की आपूर्ति कुशलतापूर्वक पेराई के लिए आवश्यक मात्रा के आधे से भी कम रह गई है।लौटोका मिल के महाप्रबंधक इलियाज खान ने बताया कि, वर्तमान में मिल को प्रतिदिन करीब 2,500 टन गन्ना मिल रहा है, जबकि लगातार और सुचारु संचालन के लिए 5,000 से 5,500 टन गन्ने की आवश्यकता है।उन्होंने कहा कि, गन्ने की कम आपूर्ति से उत्पादन लागत बढ़ गई है और मिल की कार्यक्षमता प्रभावित हुई है।

केवल 28 प्रतिशत कटाई दल सक्रिय…

ChiniMandi WhatsApp Channel

खान के अनुसार, पंजीकृत 454 गन्ना कटाई दलों में से केवल 125 दल ही वर्तमान में सक्रिय हैं। यह कुल कार्यबल का महज 28 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि रेल आधारित कटाई दलों में से केवल 29 प्रतिशत, मैनुअल लॉरी दलों में 25 प्रतिशत और बिलेट कटाई दलों में 53 प्रतिशत ही काम कर रहे हैं। FSC के अनुसार, इस सीजन में अब तक कुल गन्ने की फसल का केवल 7 प्रतिशत ही काटा जा सका है।इससे कटाई की धीमी गति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

8,500 टन से अधिक जला हुआ गन्ना मिल में पहुंचा

FSC ने बताया कि अब तक 8,500 टन से अधिक जला हुआ गन्ना मिल में पहुंच चुका है, जो कुल प्राप्त गन्ने का लगभग आधा है। जले हुए गन्ने से चीनी की रिकवरी कम हो सकती है और चीनी मिल की पेराई प्रक्रिया पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है।FSC के अनुसार, मजदूरों की कमी, गन्ने की कम आपूर्ति और जले हुए गन्ने की अधिक मात्रा के संयुक्त प्रभाव से चीनी उत्पादन प्रभावित हुआ है। इन परिस्थितियों ने घरेलू बाजार में चीनी की मौजूदा कमी को भी बढ़ावा दिया है।

किसानों से कटाई तेज करने की अपील

फिजी शुगर कॉरपोरेशन ने लॉटोका क्षेत्र के गन्ना किसानों से कटाई का काम तेज करने और मिल तक गन्ने की आपूर्ति बढ़ाने की अपील की है। निगम का कहना है कि गन्ने की पर्याप्त आपूर्ति होने से मिल को लगातार चलाने और चीनी उत्पादन में सुधार करने में मदद मिलेगी।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here