एथेनॉल मिश्रण नीति में लचीलापन जरूरी, कमी के दौरान E20 से E15 पर लौटने का विकल्प हो: ICRIER

नई दिल्ली: भारत को अपनी एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (EBP) योजना में अधिक लचीला रुख अपनाना चाहिए। दीर्घकालिक लक्ष्य के तौर पर E20 को जारी रखते हुए, घरेलू एथेनॉल की उपलब्धता कम होने या E20 बनाए रखने की आर्थिक लागत बहुत अधिक बढ़ने पर अस्थायी रूप से मिश्रण का स्तर घटाकर E15 करने की अनुमति दी जानी चाहिए। यह सुझाव ICRIER के एक शोध पत्र में दिया गया है। ‘फूड बनाम फ्यूल: भारत की एथेनॉल ब्लेंडिंग रणनीति का पुनर्संतुलन’ शीर्षक वाले इस शोध पत्र में कहा गया है कि, एथेनॉल मिश्रण से जुड़े फैसले मौजूदा बाजार परिस्थितियों और E20 बनाए रखने, एथेनॉल आयात करने या अस्थायी रूप से मिश्रण दर कम करने की लागत को ध्यान में रखकर लिए जाने चाहिए। इस शोध पत्र के सह-लेखकों में कृषि अर्थशास्त्री अशोक गुलाटी भी शामिल हैं।

कृषि संकट के दौरान मददगार होगी लचीली नीति

ChiniMandi WhatsApp Channel

शोधकर्ताओं के अनुसार, अधिक लचीली व्यवस्था से अस्थायी कृषि संकट के दौरान एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम पर पड़ने वाले दबाव को कम किया जा सकेगा, जबकि भारत के दीर्घकालिक एथेनॉल लक्ष्यों को भी बनाए रखा जा सकेगा। भारत ने हाल के वर्षों में एथेनॉल मिश्रण में तेजी से बढ़ोतरी की है और एथेनॉल सप्लाई ईयर (ESY) 2025-26 में E20 का लक्ष्य हासिल कर लिया, जो निर्धारित समय से पांच साल पहले है। मौजूदा व्यवस्था के तहत पेट्रोल में मात्रा के आधार पर अधिकतम 20 प्रतिशत तक एथेनॉल मिलाया जा सकता है।

हालांकि, शोध पत्र में चेतावनी दी गई है कि कृषि उत्पादन प्रभावित होने की स्थिति में हर समय E20 बनाए रखने से खाद्य और पशु आहार बाजार पर अत्यधिक दबाव पड़ सकता है। शोधकर्ताओं ने कहा कि अंतिम सुरक्षा उपाय के तौर पर मिश्रण दर में भी लचीलापन होना चाहिए। दीर्घकाल में E20 का लक्ष्य बरकरार रखा जाए, लेकिन घरेलू इथेनॉल की उपलब्धता कम होने या E20 बनाए रखने की लागत असामान्य रूप से बढ़ने पर अस्थायी रूप से E15 पर लौटने का विकल्प रखा जाना चाहिए।

एथेनॉल की मांग और कच्चे माल की उपलब्धता में बढ़ता अंतर

शोध पत्र में एथेनॉल की मांग में तेजी से हो रही वृद्धि और इसके लिए जरूरी प्रमुख कृषि कच्चे माल के उत्पादन में अपेक्षाकृत धीमी वृद्धि के बीच बढ़ते अंतर पर चिंता जताई गई है। रिपोर्ट के अनुसार, तेल विपणन कंपनियों को एथेनॉल की आपूर्ति ESY 2019-20 में 173.03 करोड़ लीटर से बढ़कर ESY 2025-26 में अनुमानित 1,200 करोड़ लीटर हो गई है। इस अवधि में एथेनॉल आपूर्ति की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर करीब 38 प्रतिशत रही। इसके मुकाबले प्रमुख एथेनॉल फीडस्टॉक का उत्पादन काफी धीमी गति से बढ़ा। इसी अवधि में मक्का उत्पादन 11.4 प्रतिशत CAGR, जबकि गन्ने और चावल का उत्पादन क्रमशः 5.1 प्रतिशत और 4.4 प्रतिशत की वार्षिक दर से बढ़ा। शोध पत्र के मुताबिक, एथेनॉल की बढ़ती मांग और फीडस्टॉक की उपलब्धता के बीच यह असंतुलन ‘खाद्य बनाम ईंधन’ की चुनौती को बढ़ा रहा है।

चीनी की कीमतों में तेजी से बढ़ा दबाव

रिपोर्ट में कहा गया है कि, इसका असर चीनी बाजार में भी दिखाई देने लगा है। शुरुआती स्टॉक कम रहने और उत्पादन में गिरावट के बीच चीनी की औसत खुदरा कीमत में तेज बढ़ोतरी हुई। चीनी की खुदरा कीमत जुलाई में करीब 45 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 29 अगस्त तक 65 रुपये प्रति किलो हो गई। शोध पत्र में फीडस्टॉक के लिए अधिक जवाबदेह और बाजार की परिस्थितियों के अनुरूप रणनीति अपनाने की सिफारिश की गई है। पर्याप्त चीनी उपलब्ध होने पर EBP योजना में चीनी आधारित एथेनॉल की महत्वपूर्ण भूमिका बनी रह सकती है, लेकिन घरेलू स्टॉक कम होने पर इसके इस्तेमाल को नियंत्रित किया जाना चाहिए।

एथेनॉल उत्पादन में मक्का की हिस्सेदारी बढ़ाने पर जोर

शोधकर्ताओं ने कहा कि, मक्का की उत्पादकता और उपलब्धता में सुधार होने के साथ एथेनॉल उत्पादन में मक्का की हिस्सेदारी बढ़ाई जानी चाहिए। वहीं, भारतीय खाद्य निगम (FCI) के भंडार से मिलने वाले चावल का इस्तेमाल मुख्य रूप से वास्तविक अधिशेष की स्थिति में किया जाना चाहिए। इसकी कीमत कम से कम अधिग्रहण लागत को प्रतिबिंबित करने के स्तर पर तय की जानी चाहिए।

एथेनॉल और फीडस्टॉक आयात में लचीलापन बढ़ाने की सिफारिश

शोधकर्ताओं ने घरेलू खाद्य बाजार पर दबाव रोकने के लिए अधिक बाजार आधारित ढांचे की वकालत की है। इसके तहत कई उपाय सुझाए गए हैं—

कमी के दौरान चीनी आयात को अल्पकालिक सुरक्षा उपाय के रूप में इस्तेमाल किया जाए।

FCI के चावल का इस्तेमाल केवल वास्तविक अधिशेष स्टॉक होने पर किया जाए।

कृषि परिस्थितियों के अनुसार फीडस्टॉक आवंटन में बदलाव की व्यवस्था हो।

एथेनॉल और फीडस्टॉक के आयात में अधिक लचीलापन दिया जाए।

E20 लक्ष्य कायम रहे, लेकिन जरूरत पड़ने पर E15 का विकल्प हो

शोध पत्र का मुख्य तर्क है कि भारत को दीर्घकालिक E20 लक्ष्य से पीछे नहीं हटना चाहिए, लेकिन कृषि आपूर्ति में कमी आने पर नीति में पर्याप्त लचीलापन जरूरी है।

यदि खाद्यान्न फसलों को ईंधन उत्पादन की ओर मोड़ने की आर्थिक लागत बहुत अधिक बढ़ जाती है, तो ऐसी स्थिति में अस्थायी रूप से मिश्रण दर कम करने का विकल्प होना चाहिए। इससे एक ओर भारत का दीर्घकालिक इथेनॉल लक्ष्य कायम रहेगा, वहीं दूसरी ओर खाद्य सुरक्षा और किसानों के हितों पर पड़ने वाले दबाव को कम करने में मदद मिलेगी।

Bioenergy Times

8 COMMENTS

  1. हम लोग गन्ना के किसान हैं चीनी के साथ गन्ने का मूल्य भी 500से कम नहीं चाहते हैं

  2. हम बलरामपुर जिले के गन्ने के किसान हैं हम लोग चीनी के साथ गन्ना का रेट भी 500से ऊपर शासन से बढ़ाने की माँग करते हैं

  3. निश्चित रूप से इसका लाभ किसानों को भी मिलना चाहिए। फसलों का लाभकारी मूल्य अवश्य रखा जाना चाहिए। इथेनाल मिश्रण इंडीजीनस उत्पादन पर आधारित होना चाहिए और किसी भी परिस्थिति में उच्च कीमत पर इथेनाल का आयात नहीं किया जाना चाहिए।

  4. kya hai yeh sab petrol me option chaiye E15 ya E20 ho humme E10 ke sath sath pure petrol chaiye,
    humme apne wahan me kya dalwana hai humari choice hai na ki Government

  5. चीनी तो महंगी कर दी इस पेट्रोल के चक्कर में जो बेचार लोग जाने का से पैसे लेते एक टीम की चाय नसीब हो रही थी उस भी इतना भाव बड़ा दिया कि अब वो चाही को भी बस जरूरत अनुसार ही पिये ये तो जीके हे न अब चीनी के sath sath दूध महगा kr diya
    aap se अनुरोध he ki jo log bhar रहकर pd he aap unke। बारे me ak bar jrur shoche पहले ही बहुत महंगाई थी अब ओर jyada बढ़ गई वो लोग bhar तक के पड़ेगे
    please 🙏
    aap ak hi vinati he ki mahagai km kr dijiye 🙏

  6. अब देखते जाओ एथनॉल के चक्कर में देस भी डगमगाने वाला है यहां तक सरकार भी अब लगता है कांग्रेस के भी दिन आने आने वाले है लेटस न्यूज राजस्थान निकाय चुनाव का रिजल्ट कांग्रेस ने बाजी मार ली अब धीरे धीरे पूरे देश में इसका सारा श्रेय गडकरी को जाएगा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here