एथेनॉल उद्योग के लिए मक्का प्रतिस्पर्धा नहीं, मूल्यवर्धन का अवसर: AIDA

चेन्नई: भारत का एथेनॉल उद्योग मक्के के लिए किसी विशेष क्षेत्र के साथ प्रतिस्पर्धा नहीं कर रहा है, बल्कि घरेलू कृषि संसाधनों से अधिक मूल्य सृजित करने और ऊर्जा सुरक्षा के साथ ग्रामीण मूल्य श्रृंखला को मजबूत करने के लिए मक्के का उपयोग कर रहा है। ऑल इंडिया डिस्टिलर्स एसोसिएशन (AIDA) की उप महानिदेशक भारती बालाजी ने यह बात कही।‘बिजनेसलाइन’ को दिए ईमेल इंटरव्यू में बालाजी ने बताया कि, भारत का एथेनॉल उत्पादन अब विविध फीडस्टॉक पर आधारित हो रहा है। इसमें मक्के के अलावा भारतीय खाद्य निगम (FCI) का अतिरिक्त चावल, खराब खाद्यान्न और चीनी आधारित फीडस्टॉक भी शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि, मक्के की उत्पादकता में लगातार सुधार, अधिक कुशल सप्लाई चेन, वैकल्पिक फीडस्टॉक की बेहतर उपलब्धता और कृषि उत्पादन तथा औद्योगिक मांग के बीच बेहतर समन्वय से विभिन्न क्षेत्रों के लिए पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। भारत के घरेलू जैव-ईंधन इकोसिस्टम के विस्तार के साथ मक्का एथेनॉल उत्पादन के लिए एक महत्वपूर्ण फीडस्टॉक बनकर उभरा है। हालांकि, मक्के का उपयोग खाद्य, पशु चारा और औद्योगिक क्षेत्रों में भी होता है। इसलिए इसकी कीमत उत्पादन, खपत, भंडार, लॉजिस्टिक्स और बाजार मांग के समग्र संतुलन से प्रभावित होती है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

अनाज आधारित फीडस्टॉक का बढ़ता महत्व

AIDA के अनुसार, एथेनॉल उत्पादन में मक्का, FCI के अतिरिक्त चावल और खराब खाद्यान्न की बढ़ती हिस्सेदारी इस बात को दर्शाती है कि भारत का एथेनॉल क्षेत्र अब मल्टी-फीडस्टॉक इकोसिस्टम में बदल रहा है। इससे किसी एक कृषि संसाधन पर निर्भरता कम हो रही है। अगस्त के अंत तक मक्के से करीब 345 करोड़ लीटर एथेनॉल, FCI के अतिरिक्त चावल से करीब 214 करोड़ लीटर और खराब खाद्यान्न से करीब 64 करोड़ लीटर एथेनॉल का उत्पादन हुआ था।

बालाजी के अनुसार, ये आंकड़े बताते हैं कि वैकल्पिक फीडस्टॉक अब सीमित स्रोत नहीं रह गए हैं, बल्कि भारत की कुल एथेनॉल सप्लाई चेन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि, कई प्रकार के फीडस्टॉक उपलब्ध होने से किसी विशेष मौसम या क्षेत्र में किसी एक कच्चे माल की कमी होने पर भी एथेनॉल उत्पादन जारी रखने में मदद मिल सकती है। मक्का एथेनॉल उत्पादन के लिए एक अतिरिक्त कृषि स्रोत उपलब्ध कराता है और अन्य फीडस्टॉक का पूरक बन सकता है।

वहीं, FCI का अतिरिक्त चावल उपलब्ध खाद्यान्न भंडार के उपयोग का एक माध्यम है। मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त खराब या गैर-खाद्य ग्रेड अनाज को औद्योगिक इथेनॉल उत्पादन में इस्तेमाल किया जा सकता है। बालाजी के अनुसार, यह लचीलापन इथेनॉल उद्योग को बदलती कृषि परिस्थितियों के अनुरूप प्रतिक्रिया देने, घरेलू संसाधनों के बेहतर उपयोग और इथेनॉल की आपूर्ति को अधिक भरोसेमंद बनाने में मदद करता है।

अनाज आधारित एथेनॉल बना प्रमुख आधार

बालाजी ने बताया कि, अगस्त के अंत तक अनाज आधारित फीडस्टॉक से 624 करोड़ लीटर एथेनॉल का उत्पादन हुआ, जो इस अवधि में आपूर्ति किए गए कुल 895 करोड़ लीटर एथेनॉल का करीब 70% है। उनके अनुसार, ये आंकड़े संकेत देते हैं कि अनाज आधारित एथेनॉल अब केवल पूरक स्रोत नहीं रह गया है, बल्कि भारत के एथेनॉल कार्यक्रम का एक प्रमुख हिस्सा बन चुका है।

यह बदलाव पारंपरिक चीनी आधारित फीडस्टॉक से आगे बढ़कर उद्योग में बढ़ते विविधीकरण को भी दर्शाता है। अब अनाज आधारित एथेनॉल के साथ गन्ने के रस, B-Heavy मोलासेस और C-Heavy मोलासेस से उत्पादित एथेनॉल भी योगदान दे रहा है। बालाजी ने कहा कि, उद्योग को विविध फीडस्टॉक आधार बनाए रखने के साथ-साथ खरीद, उत्पादन और आपूर्ति के बीच बेहतर समन्वय पर लगातार ध्यान देना चाहिए।

एथेनॉल के लिए नए मांग स्रोत जरूरी

बालाजी के अनुसार, भारत के एथेनॉल कार्यक्रम के अगले चरण में उत्पादन क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ एथेनॉल की अतिरिक्त मांग के नए स्रोत विकसित करना भी जरूरी होगा। फ्लेक्स-फ्यूल वाहन (FFV) अधिक एथेनॉल मिश्रण वाले ईंधन के इस्तेमाल को संभव बनाकर मोबिलिटी क्षेत्र में एथेनॉल की मांग बढ़ा सकते हैं। इसके अलावा कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG), सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (SAF) और अन्य उभरते अनुप्रयोगों से जैव-ऊर्जा की कुल मांग में वृद्धि हो सकती है।

उन्होंने कहा कि, उत्पादन क्षमता के साथ मांग विकसित करना प्रमुख आवश्यकता होगी। इसके लिए स्थिर नीतिगत माहौल, विभिन्न क्षेत्रों में एथेनॉल के व्यापक उपयोग और सहायक बुनियादी ढांचे में निवेश महत्वपूर्ण होगा। 100% एथेनॉल पर चलने में सक्षम वाहनों की दिशा में सामने आ रही पहल को भी बालाजी ने महत्वपूर्ण विकास बताया। इससे एथेनॉल का उपयोग पारंपरिक ब्लेंडिंग से आगे बढ़ सकता है। हालांकि, इसके व्यापक इस्तेमाल के लिए ईंधन की उपलब्धता, रिटेल इंफ्रास्ट्रक्चर, वाहनों की स्वीकार्यता और मानकों पर भी समान रूप से ध्यान देने की जरूरत होगी।

एकीकृत एथेनॉल इकोसिस्टम की जरूरत

AIDA के अनुसार, बड़ा अवसर ऐसे एकीकृत इकोसिस्टम के निर्माण में है, जिसमें मोबिलिटी, CBG, SAF और अन्य अनुप्रयोग मौजूदा एथेनॉल ब्लेंडिंग कार्यक्रम के पूरक बनें और एथेनॉल के उपयोग के लिए कई नए रास्ते उपलब्ध कराएं।बालाजी के अनुसार, भारत के एथेनॉल सफर का अगला चरण फीडस्टॉक की उपलब्धता, उत्पादन क्षमता और अंतिम उपयोग की मांग के समानांतर विकास पर निर्भर करेगा। उन्होंने कहा कि, अब प्राथमिकता इन तीनों के बीच बेहतर संतुलन बनाए रखने की होनी चाहिए। इसके लिए कृषि फीडस्टॉक की उत्पादकता और विविधता बढ़ाने, मौजूदा डिस्टिलरी क्षमता का कुशल उपयोग करने तथा एथेनॉल के नए उपयोग विकसित करने की आवश्यकता होगी।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here