नई दिल्ली: तेल विपणन कंपनियों (OMCs) की ओर से एथेनॉल आपूर्ति वर्ष 2026-27 के लिए जारी नवीनतम टेंडर ने अनाज आधारित एथेनॉल निर्माताओं के बीच कच्चे माल की कीमतों, आवंटन सीमा और खरीद मात्रा के वितरण को लेकर चिंता बढ़ा दी है। ‘द हिंदू’ में प्रकाशित खबर के अनुसार, ग्रेन एथेनॉल मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (GEMA) ने केंद्र सरकार और तेल विपणन कंपनियों से एथेनॉल की खरीद कीमतों तथा आवंटन संबंधी नियमों की समीक्षा करने की मांग की है।GEMA का कहना है कि, मौजूदा व्यवस्था से मक्का और चावल आधारित एथेनॉल उत्पादकों के बीच असंतुलन पैदा हो सकता है। इससे दोनों प्रकार के कच्चे माल पर आधारित उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मकता प्रभावित होने की आशंका है।
एथेनॉल खरीद के लिए अलग-अलग कीमतें निर्धारित
एथेनॉल आपूर्ति वर्ष (ESY) 2026-27 के लिए जारी टेंडर के तहत, तेल विपणन कंपनियों ने अधिशेष खाद्यान्न (SFG) से उत्पादित एथेनॉल की खरीद कीमत 60.32 रुपये प्रति लीटर निर्धारित की है। पहले तीन तिमाहियों के लिए इसकी खरीद सीमा 108 करोड़ लीटर रखी गई है। वहीं, क्षतिग्रस्त खाद्यान्न (DFG) से उत्पादित एथेनॉल की कीमत 64 रुपये प्रति लीटर, जबकि मक्का आधारित एथेनॉल की कीमत 66 रुपये प्रति लीटर तय की गई है। इसके अतिरिक्त 2.79 रुपये प्रति लीटर का अतिरिक्त भुगतान भी निर्धारित किया गया है। इस खरीद व्यवस्था में गन्ने के रस, चीनी सिरप और बी-हेवी शीरे से उत्पादित एथेनॉल को शामिल नहीं किया गया है, जबकि सी-हेवी शीरे से प्राप्त एथेनॉल की आपूर्ति की अनुमति दी गई है।
मक्का आधारित एथेनॉल की प्रतिस्पर्धात्मकता पर चिंता
GEMA ने आशंका जताई है कि मौजूदा मूल्य निर्धारण व्यवस्था चावल आधारित कच्चे माल को मक्का की तुलना में अधिक अनुकूल स्थिति में ला सकती है। इससे औद्योगिक कच्चे माल के रूप में मक्का की प्रतिस्पर्धात्मकता प्रभावित हो सकती है। एसोसिएशन के अनुसार, विभिन्न कच्चे माल से उत्पादित एथेनॉल के लिए निर्धारित अलग-अलग कीमतों के कारण खरीद मांग और आवंटन के वितरण को लेकर भी अनिश्चितता पैदा हो रही है। ऐसे में उत्पादकों के लिए उत्पादन और आपूर्ति की योजना बनाना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
DFG आधारित एथेनॉल आवंटन में बड़े बदलाव की उम्मीद
उद्योग के अनुमानों के अनुसार, एथेनॉल आपूर्ति वर्ष 2025-26 के दौरान क्षतिग्रस्त खाद्यान्न (DFG) से उत्पादित एथेनॉल की खरीद का आवंटन लगभग 60 करोड़ लीटर था। वहीं, एथेनॉल आपूर्ति वर्ष 2026-27 के लिए निर्माता इसका आवंटन 700 करोड़ लीटर से अधिक होने की उम्मीद कर रहे हैं। आवंटन में संभावित इस बड़े बदलाव को देखते हुए उद्योग जगत ने खरीद नीति में स्पष्टता और स्थिरता की आवश्यकता पर जोर दिया है।
सभी उत्पादकों को समान अवसर देने की मांग
GEMA के अध्यक्ष सी.के. जैन ने कहा कि, एथेनॉल खरीद नीति ऐसी होनी चाहिए, जिससे मक्का और चावल आधारित एथेनॉल निर्माताओं को समान अवसर मिल सकें।उन्होंने जोर दिया कि, एथेनॉल की खरीद कीमतें निर्धारित करते समय विभिन्न कच्चे माल की लागत में अंतर को ध्यान में रखा जाना चाहिए। साथ ही, आवंटन व्यवस्था पारदर्शी और पूर्वानुमान योग्य होनी चाहिए, ताकि उत्पादकों को मांग और आपूर्ति के संबंध में स्पष्ट जानकारी मिल सके।जैन ने सरकार और तेल विपणन कंपनियों से मौजूदा मूल्य निर्धारण तथा आवंटन व्यवस्था की समीक्षा करने का आग्रह किया। उनका कहना है कि, संतुलित नीति से विभिन्न कच्चे माल पर आधारित इथेनॉल उद्योगों को समान अवसर मिलेंगे और क्षेत्र का दीर्घकालिक विकास सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।



















70 रुपए प्रति किलो खुदरा चीनी बाजार में बिक रही है ।। शर्म करनी चाहिए नीति नियंताओं को ।। इतना भी नीचे मत गिर जाओ कि तुम लोगों को जनता भूले ही नहीं इन काले कारनामों के लिए ।। राहत दो चीनी को चीनी की तरह रहने दो ।।50 रुपए से नीचे चीनी रहनी चाहिए ।।
gudh ka rate kab kam hoga