नई दिल्ली : वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के बीच जैव ईंधन (बायोफ्यूल) के लिए कच्चे माल की मांग तेजी से बढ़ रही है। नए शोध के अनुसार, वर्ष 2026 में दुनिया भर में जैव ईंधन की खपत लगभग 30 प्रतिशत तक बढ़ सकती है, जबकि वर्ष 2030 तक इसमें 70 प्रतिशत की भारी वृद्धि होने का अनुमान है। विशेषज्ञों का कहना है कि, जैव ईंधन उत्पादन में तेजी आने से खाद्य फसलों और कृषि संसाधनों पर दबाव बढ़ सकता है, जिससे वैश्विक खाद्य कीमतों में और बढ़ोतरी की आशंका है। वर्ष 2022 के बाद तेल की कीमतों में आई तेजी के साथ खाद्य वस्तुओं, विशेष रूप से खाद्य तेलों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। यह स्थिति रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद देखे गए रुझान की याद दिलाती है।
गन्ना बना जैव ईंधन उद्योग का अहम आधार…
जैव ईंधन उत्पादन में गन्ना सबसे महत्वपूर्ण फसलों में से एक माना जाता है।ब्राजील जैसे देशों में गन्ने से बड़े पैमाने पर एथेनॉल का उत्पादन किया जाता है, जो पेट्रोल में मिश्रित होकर ईंधन के रूप में इस्तेमाल होता है। विशेषज्ञों के अनुसार, यदि जैव ईंधन की मांग तेजी से बढ़ती है, तो गन्ने की खेती का बड़ा हिस्सा खाद्य चीनी उत्पादन के बजाय एथेनॉल निर्माण की ओर स्थानांतरित हो सकता है। इससे वैश्विक चीनी बाजार और गन्ना आधारित उद्योगों पर भी असर पड़ने की संभावना है।
खाद्य सुरक्षा पर बढ़ सकता है संकट…
रिपोर्ट में कहा गया है कि, ब्राजील और इंडोनेशिया जैसे प्रमुख कृषि निर्यातक देश जैव ईंधन में उपयोग होने वाली प्रमुख फसलों के निर्यात पर प्रतिबंध या नियंत्रण बढ़ा रहे हैं। वहीं उर्वरकों की कमी के कारण कृषि उत्पादन में गिरावट की आशंका भी जताई गई है। ऐसे में खाद्यान्न और कृषि उत्पादों की उपलब्धता प्रभावित हो सकती है, जिससे वैश्विक खाद्य आपूर्ति पर दबाव बढ़ने का खतरा है।
उर्वरक बाजार पर भी बढ़ेगा बोझ…
वर्तमान में दुनिया भर में उत्पादित उर्वरकों का लगभग 5 प्रतिशत हिस्सा जैव ईंधन उत्पादन में उपयोग हो रहा है, जबकि वैश्विक ईंधन खपत में जैव ईंधन की हिस्सेदारी केवल 4 प्रतिशत है।विश्लेषकों के अनुसार, जैव ईंधन उत्पादन में किसी भी अतिरिक्त वृद्धि से उर्वरक बाजार पर और दबाव बढ़ेगा। पहले से ही होर्मुज जलडमरूमध्य में व्यापारिक व्यवधानों और आपूर्ति संबंधी चुनौतियों के कारण वैश्विक ऊर्जा और कृषि बाजार प्रभावित हो रहे हैं।ऊर्जा सुरक्षा और खाद्य सुरक्षा के बीच संतुलन बनाए रखना आने वाले वर्षों में दुनिया के लिए सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक होगा। खासकर गन्ना उत्पादक देशों को यह तय करना होगा कि गन्ने का उपयोग चीनी उत्पादन के लिए अधिक किया जाए या एथेनॉल एवं जैव ईंधन निर्माण के लिए।


















