नई दिल्ली : घरेलू चीनी की उपलब्धता लगातार कम होने और महाराष्ट्र तथा कर्नाटक में चीनी उत्पादन घटने की आशंका के बीच सरकार नवंबर से शुरू होने वाले 2026-27 एथेनॉल सप्लाई ईयर (ESY) में एथेनॉल उत्पादन के लिए गन्ने के रस, सिरप और बी-हेवी मोलासेस के डायवर्जन पर रोक लगा सकती है। टाइम्स ऑफ इंडिया में प्रकाशित खबर के मुताबिक, सरकार जल्द ही इस संबंध में अधिसूचना जारी कर सकती है। एथेनॉल सप्लाई ईयर 1 नवंबर से 31 अक्टूबर तक चलता है, जबकि चीनी सीजन 1 अक्टूबर से 30 सितंबर तक रहता है। सरकार पेट्रोल में अनिवार्य एथेनॉल मिश्रण के लक्ष्य को पूरा करने के लिए यह तय करती है कि गन्ने के रस, सिरप और बी-हेवी मोलासेस की कितनी मात्रा को एथेनॉल उत्पादन के लिए डायवर्ट किया जा सकता है।
यह फैसला ऐसे समय में सामने आया है, जब चीनी मिलों ने 2025-26 सीजन के दौरान करीब 30 लाख टन चीनी, यानी कुल उत्पादन का लगभग 10 प्रतिशत, एथेनॉल उत्पादन के लिए डायवर्ट की थी। नए सीजन के लिए शुरुआती चीनी स्टॉक 1 अक्टूबर को करीब 37.5 लाख टन था, जबकि एक साल पहले यह लगभग 50 लाख टन था। उद्योग जगत से जुड़े सूत्रों के अनुसार, घरेलू स्तर पर पर्याप्त चीनी उपलब्ध रखना प्राथमिकता है। ऐसे में गन्ने के रस, सिरप और बी-हेवी मोलासेस को एथेनॉल के लिए और अधिक डायवर्ट करना मुश्किल हो सकता है। महाराष्ट्र और कर्नाटक में इस सीजन उत्पादन कम रहने की आशंका ने चिंता को और बढ़ा दिया है।
इस तरह के डायवर्जन पर रोक लगाने से चीनी मिलों को उपलब्ध गन्ने से अधिक चीनी निकालने में मदद मिलेगी। इससे घरेलू बाजार में चीनी की आपूर्ति बेहतर करने और खपत की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल सकती है। सरकार के अनुसार, एथेनॉल के लिए डायवर्ट की जाने वाली चीनी का हिस्सा 2022-23 में करीब 12 प्रतिशत से घटकर 2025-26 में लगभग 9 प्रतिशत रह गया है। वहीं, अब देश में एथेनॉल उत्पादन का करीब तीन-चौथाई हिस्सा अनाज, खासकर मक्का, से आता है। इससे चीनी आधारित कच्चे माल पर निर्भरता कम हुई है।
एक उद्योग विश्लेषक के मुताबिक, चीनी आधारित फीडस्टॉक पर प्रतिबंध के बावजूद पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। विश्लेषक ने कहा कि चीनी मिलों को चीनी से बेहतर रिटर्न मिलने की उम्मीद है, इसलिए उनके परिचालन पर भी इसका असर सीमित रह सकता है। हालांकि, घरेलू बाजार में चीनी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सरकार को चीनी निर्यात पर मौजूदा प्रतिबंधों को जारी रखना पड़ सकता है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त चीनी आयात पर भी विचार करना पड़ सकता है।
2025-26 में चीनी उत्पादन पर फसल रोग, जलभराव और प्रमुख उत्पादक राज्यों में प्रतिकूल मौसम का असर पड़ा। शुरुआत में करीब 343 लाख टन चीनी उत्पादन का अनुमान लगाया गया था, लेकिन अगस्त में यह अनुमान घटकर करीब 306 लाख टन रह गया। इस आंकड़े में एथेनॉल के लिए डायवर्ट की गई चीनी भी शामिल थी। डायवर्जन को ध्यान में रखने के बाद शुद्ध चीनी उत्पादन करीब 279 लाख टन रहा, जबकि देश की सामान्य घरेलू खपत की जरूरत करीब 280-285 लाख टन है।


















When country is facing sugar shortage and coming season is also being seen as bleak season, it would be in national interest that there should be blanket ban on diverting of B heavy molasses or even cane syrup for alcohol production. Ultimately foreign exchange has to go either for sugar import or petroleum products import. It should be decided which is lesser evil.