H2 FY27 में RBI रेपो रेट बढ़ाकर 5.75-6% करने की संभावना, दिसंबर से शुरू हो सकता है बढ़ोतरी का चक्र: UBI

नई दिल्ली : मजबूत आर्थिक वृद्धि के बीच बढ़ती महंगाई और बैंकिंग प्रणाली में अतिरिक्त तरलता को नियंत्रित करने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी छमाही (H2 FY27) में रेपो रेट को बढ़ाकर 5.75 से 6 प्रतिशत तक कर सकता है।यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (UBI) के अनुसार, रेपो रेट में बढ़ोतरी का सिलसिला दिसंबर से शुरू होने की संभावना है। UBI को उम्मीद है कि, RBI 25 आधार अंकों (0.25 प्रतिशत) की दो से तीन बढ़ोतरी कर सकता है। इससे मौजूदा 5.25 प्रतिशत रेपो रेट बढ़कर 5.75 से 6 प्रतिशत के बीच पहुंच सकता है। बैंक के अनुसार, यह अनुमान मजबूत आर्थिक वृद्धि, बढ़ती महंगाई और वैश्विक वित्तीय परिस्थितियों के सख्त होने को ध्यान में रखते हुए लगाया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि, वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी छमाही में रेपो रेट बढ़ोतरी फिर से विचाराधीन है।UBI के बेस-केस अनुमान के अनुसार, दिसंबर इस बढ़ोतरी की शुरुआत के लिए सबसे संभावित समय हो सकता है।

RBI की विशेष स्वैप सुविधा से बढ़ा विदेशी मुद्रा प्रवाह

ChiniMandi WhatsApp Channel

यह रिपोर्ट ऐसे समय आई है जब RBI की विशेष स्वैप सुविधा के तहत विदेशी मुद्रा का प्रवाह 31 अगस्त तक करीब 136 अरब डॉलर पहुंच गया है।इसमें से 127.23 अरब डॉलर FCNR(B) जमा के माध्यम से आए, जबकि शेष राशि विदेशी मुद्रा में विदेशी उधारी और बाहरी वाणिज्यिक उधारी (ECB) से प्राप्त हुई।रिपोर्ट के अनुसार, इन बड़े विदेशी मुद्रा प्रवाहों के कारण बैंकिंग प्रणाली में तरलता में तेज वृद्धि हुई है। कोर लिक्विडिटी जून के मध्य में 4.82 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर अगस्त के मध्य तक 8.05 लाख करोड़ रुपये हो गई। इस वृद्धि की मुख्य वजह विदेशी मुद्रा प्रवाह का प्रभाव रहा। UBI ने एक उदाहरणात्मक परिदृश्य के आधार पर अनुमान लगाया है कि, 11 सितंबर तक कोर लिक्विडिटी करीब 14.17 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है। ऐसे में तरलता का प्रबंधन RBI के लिए एक प्रमुख चुनौती बन सकता है।रिपोर्ट में कहा गया, “डॉलर का प्रवाह मिलने के बाद अब रुपये की तरलता का प्रबंधन RBI के लिए प्रमुख नीतिगत चुनौती है।”

अक्टूबर नीति बैठक से पहले अतिरिक्त तरलता सोख सकता है RBI

UBI का अनुमान है कि, RBI अक्टूबर की मौद्रिक नीति बैठक से पहले अतिरिक्त तरलता को सोखने के लिए कदमों की घोषणा कर सकता है। बैंक के अनुसार, अल्पकालिक और लंबी अवधि के वैरिएबल रेट रिवर्स रेपो ऑपरेशंस (VRRR) तथा इंक्रीमेंटल कैश रिजर्व रेशियो (I-CRR) का इस्तेमाल किए जाने की संभावना अधिक है।इसके अलावा, RBI जरूरत पड़ने पर बॉन्ड बिक्री और विदेशी मुद्रा स्वैप जैसे उपायों पर भी विचार कर सकता है।रिपोर्ट के अनुसार, RBI शुरुआत में ऐसे अस्थायी उपायों पर अधिक निर्भर रह सकता है, जिन्हें वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी छमाही में ऋण की मांग बढ़ने पर वापस लिया जा सके।UBI का अनुमान है कि अनुमानित अतिरिक्त तरलता को सोखने के लिए अल्पकालिक VRRR और लंबी अवधि के उपायों का करीब 50:50 मिश्रण इस्तेमाल किया जा सकता है।

अक्टूबर में भी रेपो रेट बढ़ोतरी की संभावना

UBI ने कहा कि अक्टूबर में रेपो रेट बढ़ोतरी की संभावना को पूरी तरह खारिज नहीं किया जा सकता। यदि अमेरिकी फेडरल रिजर्व सितंबर में ब्याज दरें बढ़ाता है और RBI इससे पहले टिकाऊ उपायों के जरिए अतिरिक्त तरलता को नियंत्रित कर लेता है, तो अक्टूबर में भी दर बढ़ोतरी संभव है।रिपोर्ट के अनुसार, कच्चे तेल की कीमत 90 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर जाने पर महंगाई बढ़ सकती है और रुपये पर दबाव बढ़ सकता है।

वहीं, भू-राजनीतिक तनाव में कमी आने से RBI को मौद्रिक नीति को लेकर अधिक लचीलापन मिल सकता है। कुल मिलाकर, UBI के अनुमान के अनुसार, मजबूत घरेलू आर्थिक वृद्धि, बढ़ती महंगाई और बैंकिंग प्रणाली में बढ़ती तरलता के बीच RBI के सामने आने वाले महीनों में तरलता प्रबंधन और ब्याज दरों के बीच संतुलन बनाए रखने की चुनौती रहेगी।

 

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here