हरियाणा : गन्ने के दाम में मामूली बढ़ोतरी से किसान नाराज! 12 नवंबर से राज्यव्यापी आंदोलन की चेतावनी

चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार द्वारा गन्ने के राज्य परामर्श मूल्य (SAP) में वर्ष 2026-27 के पेराई सीजन के लिए केवल 15 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी किए जाने से किसान संगठनों में नाराजगी बढ़ गई है। सरकार की घोषणा के कुछ दिनों बाद ही किसान संगठनों ने गन्ने का उचित मूल्य बढ़ाने की मांग को लेकर 12 नवंबर से पूरे राज्य में आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया है।

हरियाणा सरकार ने 2026-27 के सीजन के लिए गन्ने का भाव 430 रुपये प्रति क्विंटल और 2027-28 के सीजन के लिए 450 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। हालांकि, किसान संगठनों ने इस घोषणा को गन्ना किसानों के साथ खुला विश्वासघात बताते हुए मौजूदा सीजन से ही 600 रुपये प्रति क्विंटल भाव देने की मांग की है। किसानों का कहना है कि, गन्ने से बनने वाले उत्पादों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, लेकिन किसानों को मिलने वाला मूल्य उनकी लागत के मुकाबले बेहद कम है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

महापंचायत में अनिश्चितकालीन आंदोलन का फैसला

शुक्रवार को करनाल जिले के मंगलोरा गांव में संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) के बैनर तले महापंचायत आयोजित की गई। इसमें एसकेएम के सदस्य और भारतीय किसान यूनियन (BKU) के प्रदेश अध्यक्ष रतन मान ने कहा कि, महापंचायत में सर्वसम्मति से गन्ने का भाव बढ़ाने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया गया है।इस महापंचायत की अध्यक्षता युवा किसान नेता जसविंदर मंगलोरा ने की।

12 से 27 नवंबर तक चीनी मिलों पर ट्रैक्टर रैलियां

बीकेयू के प्रवक्ता सुरेंद्र सांगवान ने बताया कि, आंदोलन के पहले चरण में 12 से 27 नवंबर तक सोनीपत, करनाल, यमुनानगर, नारायणगढ़, जींद, रोहतक और इंद्री की चीनी मिलों पर ट्रैक्टर रैलियां निकाली जाएंगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इसके बाद भी सरकार ने गन्ने के दाम में बढ़ोतरी नहीं की, तो 2 दिसंबर को कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा। इस दौरान किसानों की महापंचायत भी आयोजित की जाएगी।

चीनी और एथेनॉल उद्योग को मुनाफा, किसानों को नुकसान

रतन मान ने कहा कि, चीनी और एथेनॉल उद्योग लगातार मुनाफा कमा रहे हैं, जबकि गन्ना उत्पादकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा, “वर्तमान में किसानों को गन्ने का भाव 4.15 रुपये प्रति किलो मिल रहा है, जबकि बाजार में चीनी की कीमत 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। इस तरह की नीतियों के कारण किसान धीरे-धीरे गन्ने की खेती छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं।”

15 दिसंबर को रैली, 2 जनवरी 2027 से गन्ना कटाई रोकने की चेतावनी

इधर, गुरुवार को भारतीय किसान यूनियन (चरूनी) से जुड़े किसानों की बैठक कुरुक्षेत्र स्थित जाट धर्मशाला में हुई।किसान नेता गुरनाम सिंह चरूनी ने बताया कि, गन्ने का राज्य परामर्श मूल्य (SAP) बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग को लेकर 15 दिसंबर को रैली आयोजित की जाएगी। उन्होंने आगे चेतावनी दी कि, यदि सरकार ने किसानों की मांगें स्वीकार नहीं कीं, तो 2 जनवरी 2027 से गन्ने की कटाई रोकने का आंदोलन शुरू किया जाएगा। हरियाणा में गन्ने के दाम को लेकर किसानों और सरकार के बीच टकराव बढ़ता नजर आ रहा है। अब सभी की नजर 12 नवंबर से शुरू होने वाले आंदोलन और सरकार के अगले फैसले पर टिकी है।

Bioenergy Times

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here