भारत बंद: बिहार राज्यों में यातायात ठप; ओरिसा में कई ट्रेने रद्द

नई दिल्ली : चीनी मंडी 
पेट्रोल और  डीजल की महंगाई के विरोध में कांग्रेस समेत कई विपक्ष ने भारत बंद का ऐलान किया है। सोमवार को दिल्ली समेत देश के तमाम राज्यों में कांग्रेस एवं अन्य विपक्षी दलों ने भारत बंद के दौरान जोरदार विरोध प्रदर्शन किया है।  विपक्ष की ओर से आहूत भारत बंद का कई अहम राज्यों में खासा असर देखने को मिल रहा है। कई जगहों पर प्रदर्शन हिंसक भी हुआ है।
उत्तर प्रदेश, बिहार, चुनावी राज्य मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और तेलंगाना समेत देश के तमाम राज्यों में भारत बंद का व्यापक असर देखने को मिल रहा है।
नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गाँधी ने विपक्षी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि पीएम मोदी जहां जाते हैं, वहां लोगों को जोड़ने की बजाय तोड़ने का काम करते हैं। अब तक उन्होंने महंगाई को लेकर एक शब्द नहीं बोला है।कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने 20 दलों के नेताओं के साथ मिलकर विरोध का मोर्चा थामा। राहुल इन नेताओं के साथ 2 किलोमीटर पैदल चलकर राजघाट पहुंचे और महात्मा गांधी की समाधि पर कैलास मानसरोवर से लाए गए जल को चढ़ाया।
महाराष्ट्र में कांग्रेस, एनसीपी और एम्एनएस उतरे सड़क पर 
बीजेपी शासित राज्य महाराष्ट्र में कांग्रेस, एनसीपी के कार्यकर्ता भारत बंद के समर्थन में सड़कों पर उतरे हैं। इसके अलावा राज ठाकरे की पार्टी एमएनएस ने मुंबई में कई जगहों पर दुकानों को बंद कराया। वहीं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंधेरी में रेल रोको आंदोलन किया।
बिहार में यातायात ठप…
पटना, दरभंगा सहित विभिन्न इलाकों में बंद समर्थक सड़क पर उतरे और  केंद्र सरकार के विरोध में नारे लगाए। बिहार में इस बंद में कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल (राजद), जन अधिकार पार्टी, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा, सभी वामपंथी दल सहित कई अन्य विपक्ष की पार्टियां शामिल हैं। राज्य में कई जगहों पर हिंसक प्रदर्शन भी हुए हैं।
तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में असर 
भारत बंद का दक्षिणी राज्यों तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में बहुत ज्यादा असर देखने को नहीं मिला है। हालांकि बस सेवाएं दोनों तेलुगू राज्यों में तड़के से ही प्रभावित हैं। कई निजी शैक्षणिक संस्थान भी बंद हैं। कांग्रेस, विपक्षी पार्टियों, जन सेना और इनसे जुड़े व्यापार संगठनों के नेता हैदराबाद और तेलंगाना व आंध्रप्रदेश के कस्बों में गिरफ्तार हुए।
ओडिशा में एक दर्जन ट्रेनें रद्द 
 ओडिशा में  सड़कों से लेकर रेल पटरियों तक पर कांग्रेस और सत्ताधारी दल बीजेडी के कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। भारत बंद के चलते ईस्ट कोस्ट रेलवे जोन ने भुवनेश्वर-हावड़ा जनशताब्दी एक्सप्रेस और भुवनेश्वर-विशाखापत्तनम इंटर सिटी एक्सप्रेस समेत 12 ट्रेनों को कैंसल कर दिया है।
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान में कई शहरों में निकले जुलुस  
राजस्थान, मध्य प्रदेश और छ्त्तीसगढ़ में विरोध का गहरा असर देखा जा रहा है। मध्य प्रदेश के उज्जैन में तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हिंसक प्रदर्शन करते हुए एक पेट्रोल पंप में ही तोड़फोड़ मचा दी। इसके अलावा छत्तीसगढ़ और राजस्थान में भी कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतर जोरदार प्रदर्शन कर रहे हैं।
SOURCEChiniMandi

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here