पहली बार आयातित एलएनजी के मुकाबले प्रतिस्पर्धी बनी भारतीय बायोगैस, ऊर्जा आत्मनिर्भरता को मिलेगा बड़ा बढ़ावा

नई दिल्ली: भारत में पहली बार बायोगैस की कीमत आयातित एलएनजी (लिक्विफाइड नेचुरल गैस) के मुकाबले प्रतिस्पर्धी स्तर पर पहुंच गई है। वर्षों तक अधिक महंगी रहने के बाद अब बायोगैस बाजार आधारित प्रतिस्पर्धा में एलएनजी को चुनौती देने लगी है। बिजनेस स्टैण्डर्ड में प्रकाशित खबर के अनुसार, उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि इससे न केवल भारत की आयातित ईंधन पर निर्भरता कम होगी, बल्कि देश में बढ़ते कचरे के पहाड़ों के समाधान में भी मदद मिलेगी।

इंडियन बायोगैस एसोसिएशन के अध्यक्ष गौरव केडिया ने कहा कि, यदि भारत में उपलब्ध समस्त जैविक कचरे का प्रसंस्करण किया जाए, तो उससे प्रतिवर्ष लगभग 6 करोड़ टन एलएनजी के बराबर ऊर्जा उत्पादन संभव है। उन्होंने बताया कि, वर्तमान में भारत हर साल लगभग 2.4 से 2.5 करोड़ टन एलएनजी का आयात करता है। ऐसे में बायोगैस उत्पादन क्षमता का बेहतर उपयोग देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत कर सकता है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

स्वच्छ ईंधन के रूप में बढ़ रही है बायोगैस की भूमिका…

बायोगैस एक स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल ईंधन है, जिसे नगर निगम के जैविक कचरे, फसल अवशेष (पराली), चीनी मिलों से निकलने वाले प्रेसमड तथा अन्य जैविक अपशिष्टों के प्रसंस्करण से तैयार किया जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार बायोगैस की बढ़ती प्रतिस्पर्धात्मकता से सरकार पर इस ईंधन के लिए अधिक समर्थन मूल्य घोषित करने का दबाव भी कम होगा। इससे उद्योग को बाजार आधारित विकास का अवसर मिलेगा।

नई नीति से मिल सकती है उद्योग को नई गति…

केंद्र सरकार जल्द ही बायोगैस क्षेत्र को पुनर्जीवित करने के लिए नई नीति की घोषणा कर सकती है। यह कदम ऐसे समय में उठाया जा रहा है जब देश में बायोगैस उत्पादन की प्रगति निर्धारित लक्ष्यों से काफी पीछे है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2018 में वर्ष 2023 तक 5,000 बायोगैस प्लांट स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया था, जिनसे प्रतिवर्ष 1.5 करोड़ टन बायोगैस उत्पादन का अनुमान था। हालांकि, अब तक केवल 209 बायोगैस इकाइयां ही संचालित हो रही हैं और उनका कुल उत्पादन 1 लाख टन वार्षिक से भी कम है। यह लक्ष्य के मुकाबले काफी कम उपलब्धि मानी जा रही है।

कचरा प्रबंधन और ऊर्जा उत्पादन का दोहरा लाभ…

विशेषज्ञों का मानना है कि, बायोगैस उद्योग का विस्तार देश को दोहरा लाभ दे सकता है। एक ओर यह नगरों और ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ती कचरा समस्या का समाधान करेगा, वहीं दूसरी ओर स्वदेशी और स्वच्छ ऊर्जा स्रोत के रूप में आयातित गैस पर निर्भरता कम करेगा। ऊर्जा क्षेत्र के जानकारों के अनुसार यदि नीति समर्थन और निवेश में तेजी आती है, तो बायोगैस आने वाले वर्षों में भारत के हरित ऊर्जा अभियान का महत्वपूर्ण स्तंभ बन सकती है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here