वैश्विक औसत से 10% सस्ता बना हुआ है भारतीय चावल, उत्पादन में गिरावट का अनुमान: IREF

नई दिल्ली : वैश्विक चावल उत्पादन में संभावित गिरावट और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें बढ़ने के बावजूद भारतीय चावल की कीमतें वैश्विक औसत से लगभग 10 प्रतिशत कम बनी हुई हैं। भारतीय चावल निर्यातक महासंघ (IREF) ने शुक्रवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी। IREF के अनुसार, भारत के 5 प्रतिशत टूटे हुए सफेद चावल की कीमत 385 से 390 अमेरिकी डॉलर प्रति मीट्रिक टन है। इसके मुकाबले वियतनाम के चावल की कीमत 440 से 450 डॉलर प्रति मीट्रिक टन, जबकि थाईलैंड के चावल की कीमत लगभग 480 डॉलर प्रति मीट्रिक टन है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चावल की कीमतें एक साल से अधिक समय के उच्चतम स्तर पर पहुंचने के बावजूद भारतीय चावल की कीमत प्रतिस्पर्धी बनी हुई है।

वैश्विक चावल उत्पादन में 1.26 करोड़ टन की गिरावट का अनुमान

ChiniMandi WhatsApp Channel

अमेरिकी कृषि विभाग (USDA) के नवीनतम अनुमान का हवाला देते हुए IREF ने बताया कि वैश्विक चावल उत्पादन 2025-26 के लगभग 54.57 करोड़ टन से घटकर 2026-27 में 53.31 करोड़ टन रह सकता है। यानी उत्पादन में करीब 1.26 करोड़ टन की गिरावट आने का अनुमान है।

बढ़ती लागत से निर्यातकों के मुनाफे पर दबाव

IREF के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष और ईस्टमैन इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक अमन सिंगल ने कहा कि प्रतिस्पर्धी कीमतों के कारण भारतीय चावल को अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी मजबूत स्थिति बनाए रखने में मदद मिली है। हालांकि, निर्यातकों को बढ़ती लागत के कारण चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।

सिंगल ने कहा, भारत की प्रतिस्पर्धी कीमतों ने अंतरराष्ट्रीय बासमती और गैर-बासमती चावल बाजारों, विशेष रूप से अफ्रीका और एशिया में, हमारी मजबूत स्थिति बनाए रखने में मदद की है। हालांकि, धान की बढ़ती कीमतें, माल ढुलाई का खर्च और फसल की उपलब्धता को लेकर अनिश्चितता निर्यातकों के लाभ पर दबाव डाल रही हैं।”उन्होंने आगे कहा कि केवल निर्यात कीमतें कम रखना पर्याप्त नहीं है। भारत की प्रतिस्पर्धात्मकता बनाए रखने के लिए कुशल लॉजिस्टिक्स, स्थिर एवं पूर्वानुमान योग्य नीतियां और चावल की भरोसेमंद आपूर्ति सुनिश्चित करना जरूरी है।

भारत में चावल उत्पादन घटकर 14.7 करोड़ टन रहने का अनुमान

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, भारत में चावल का उत्पादन पहले के लगभग 15.4 करोड़ टन से घटकर करीब 14.7 करोड़ टन रहने का अनुमान है। हालांकि, IREF का मानना है कि सरकार के पास चावल का पर्याप्त भंडार होने से आपूर्ति में अस्थायी बाधाओं का असर कम किया जा सकता है। इससे घरेलू खाद्य सुरक्षा को सुरक्षित रखते हुए चावल का निर्यात भी जारी रखने में मदद मिलेगी।

2027 में वैश्विक चावल व्यापार 6.14 करोड़ टन रहने का अनुमान

अनुमान के मुताबिक, वर्ष 2027 में वैश्विक चावल व्यापार लगभग 6.14 करोड़ टन रह सकता है। इस दौरान भारत के दुनिया का सबसे बड़ा चावल निर्यातक बने रहने की उम्मीद है। चावल उत्पादन, मांग, भंडार, मौसम संबंधी जोखिम और 2027 में संभावित कीमतों के परिदृश्यों पर भारत अंतरराष्ट्रीय चावल सम्मेलन (BIRC) 2026 में चर्चा की जाएगी। यह सम्मेलन 23 से 25 अक्टूबर तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here