नई दिल्ली : भारत की ऊर्जा भंडारण आवश्यकता अगले दशक में दस गुना से अधिक बढ़ने का अनुमान है। यह आवश्यकता वित्त वर्ष 2027-28 में 87 गीगावाट-घंटे (GWh) से बढ़कर वित्त वर्ष 2035-36 तक 888 GWh हो सकती है। यह वृद्धि बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणालियों (BESS) और पंप्ड स्टोरेज प्लांट्स (PSPs) की तेज़ी से बढ़ती स्थापना के कारण होने की उम्मीद है। यह जानकारी सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI) के बुनियादी ढांचा प्रदर्शन निगरानी डैशबोर्ड के नवीनतम त्रैमासिक अपडेट में दी गई है।
त्रैमासिक अपडेट के अनुसार, भारत द्वारा नवीकरणीय ऊर्जा आधारित बिजली व्यवस्था की दिशा में तेजी से आगे बढ़ने के साथ बिजली क्षेत्र में ऊर्जा भंडारण क्षमता का महत्वपूर्ण विस्तार होने की संभावना है। रिलीज़ में कहा गया है की, “ऊर्जा भंडारण की आवश्यकता दस गुना से अधिक बढ़ने का अनुमान है। यह 2027-28 में 87 GWh से बढ़कर 2035-36 तक 888 GWh हो सकती है। यह वृद्धि बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणालियों (BESS) और पंप्ड स्टोरेज प्लांट्स (PSPs) की तेज़ी से बढ़ती स्थापना से प्रेरित होगी।”
डैशबोर्ड में यह भी अनुमान लगाया गया है कि, आने वाले वर्षों में दोनों प्रमुख प्रौद्योगिकियों के तहत स्थापित ऊर्जा भंडारण क्षमता में लगातार वृद्धि होगी। रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 2035-36 तक पंप्ड स्टोरेज प्लांट (PSP) और बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली (BESS) की क्षमता क्रमशः 94 GW और 80 GW तक पहुंचने का अनुमान है।रिपोर्ट में कहा गया कि, यह निरंतर वृद्धि ग्रिड की विश्वसनीयता मजबूत करने और नवीकरणीय ऊर्जा के अधिक एकीकरण को सक्षम बनाने पर भारत के रणनीतिक फोकस को दर्शाती है। ये आंकड़े MoSPI द्वारा जारी PAIMANA (राष्ट्र निर्माण के लिए परियोजना आकलन, बुनियादी ढांचा निगरानी एवं विश्लेषण) प्रदर्शन निगरानी डैशबोर्ड के त्रैमासिक अपडेट का हिस्सा हैं। यह डैशबोर्ड नागरिक उड्डयन, सड़क, बिजली, बंदरगाह, दूरसंचार और रेलवे सहित छह प्रमुख क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के प्रदर्शन की निगरानी करता है।
बिजली क्षेत्र के अलावा, डैशबोर्ड ने दूरसंचार बुनियादी ढांचे में भी निरंतर वृद्धि को रेखांकित किया। इसके अनुसार, मोबाइल टावरों की संख्या 3.7 प्रतिशत सालाना वृद्धि के साथ बढ़कर 8.55 लाख हो गई, जबकि बेस ट्रांसीवर स्टेशनों (BTS) की संख्या 7.4 प्रतिशत सालाना वृद्धि के साथ बढ़कर 32.25 लाख हो गई। वित्त वर्ष 2025-26 में टेली-डेंसिटी भी बढ़कर 93.26 प्रतिशत हो गई, जो देश में डिजिटल कनेक्टिविटी के और गहरे विस्तार को दर्शाती है।
त्रैमासिक अपडेट में डिजिटल टोलिंग को अपनाने में भी वृद्धि का उल्लेख किया गया। इसके अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 में मई तक इलेक्ट्रॉनिक टोल संग्रह लेनदेन बढ़कर 88 करोड़ हो गए, जो सालाना आधार पर 39.7 प्रतिशत की वृद्धि है। यह कैशलेस टोल प्रणाली को व्यापक रूप से अपनाए जाने का संकेत है। MoSPI ने बताया कि नवीनतम त्रैमासिक रिलीज़ में प्रदर्शन निगरानी डैशबोर्ड को 44 नए संकेतकों को जोड़कर कुल 165 संकेतकों तक विस्तारित किया गया है। इससे बुनियादी ढांचे के प्रदर्शन की निगरानी और अधिक व्यापक हो गई है।
मंत्रालय के अनुसार, यह डैशबोर्ड क्षेत्रवार प्रदर्शन की निगरानी के लिए एक एकीकृत डिजिटल इंटरफेस उपलब्ध कराता है। इसमें इंटरैक्टिव विज़ुअलाइजेशन और समय-श्रृंखला विश्लेषण की सुविधा है, जिससे नीति निर्माताओं, शोधकर्ताओं और अन्य हितधारकों के लिए जानकारी तक पहुंच और विश्लेषण अधिक प्रभावी हो जाता है।


















