जकार्ता: इंडोनेशिया सरकार घरेलू स्तर पर एथेनॉल के लिए पर्याप्त कच्चा माल सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गन्ने की खेती का बड़े पैमाने पर विस्तार करने की योजना बना रही है। देश के E20 कार्यक्रम के तहत पेट्रोल में कम से कम 20% पौधों से निर्मित एथेनॉल मिलाना अनिवार्य है। सरकार एथेनॉल ब्लेंडिंग बढ़ाने के लिए घरेलू गन्ना उत्पादन को मजबूत करने पर जोर दे रही है।
इंडोनेशिया के खाद्य मामलों के समन्वय मंत्री जुलकिफ्ली हसन ने कहा कि सरकार गन्ने के रकबे में बढ़ोतरी करेगी, ताकि अधिक एथेनॉल मिश्रण के लिए आवश्यक कच्चे माल की कमी को दूर किया जा सके। उन्होंने कहा कि एथेनॉल उत्पादन के लिए कसावा (Cassava) जैसी अन्य फसलों का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। हसन ने कहा कि, यदि एथेनॉल उत्पादन के लिए केवल गन्ने पर निर्भर रहा गया तो मौजूदा गन्ना आपूर्ति E20 कार्यक्रम की जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त नहीं होगी। इसलिए आपूर्ति और मांग के बीच के अंतर को कम करने के लिए गन्ने के बागानों का विस्तार करना जरूरी होगा।
दो साल में 20 लाख हेक्टेयर गन्ना क्षेत्र का लक्ष्य
गन्ने के रकबे में विस्तार सरकार की उस व्यापक योजना का हिस्सा है, जिसके तहत देश में उच्च एथेनॉल ब्लेंडिंग के लिए घरेलू क्षमता विकसित की जा रही है। 16 सितंबर को हुई एक सीमित बैठक के दौरान राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने कृषि मंत्री आंदी अमरान सुलैमान को E20 कार्यक्रम के समर्थन के लिए अगले दो वर्षों में 20 लाख हेक्टेयर गन्ने के बागान तैयार करने की योजना बनाने का निर्देश दिया। राष्ट्रपति ने सरकारी संप्रभु संपत्ति कोष दानंतारा को भी जैव ईंधन पहल के लिए उद्योग को तैयार करने के आवश्यक कदम उठाने की जिम्मेदारी सौंपी है।
इंडोनेशिया का E50 की ओर बढ़ने का लक्ष्य
इंडोनेशिया केवल E20 तक सीमित नहीं रहना चाहता। ऊर्जा एवं खनिज संसाधन मंत्री बहलील लहदालिया ने कहा कि, देश भविष्य में E50 एथेनॉल ब्लेंडिंग की दिशा में आगे बढ़ना चाहता है। उन्होंने कहा कि, इस कार्यक्रम की नींव घरेलू कच्चे माल पर होनी चाहिए, न कि आयातित एथेनॉल या आयातित कच्चे माल पर। सरकार का मानना है कि पेट्रोल में अधिक एथेनॉल मिश्रण से ऊर्जा आत्मनिर्भरता मजबूत करने और आयातित ईंधन पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।लहदालिया के अनुसार, E50 लक्ष्य हासिल होने से इंडोनेशिया को लंबे समय में तैयार पेट्रोलियम उत्पादों के आयात को समाप्त करने के लक्ष्य की ओर बढ़ने में मदद मिलेगी।
घरेलू एथेनॉल उद्योग को मिलेगा बढ़ावा
गन्ने की खेती का विस्तार इंडोनेशिया की घरेलू एथेनॉल इंडस्ट्री को विकसित करने की रणनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। सरकार का लक्ष्य गन्ने और अन्य फसलों से घरेलू स्तर पर पर्याप्त कच्चा माल उपलब्ध कराकर E20 से आगे बढ़ते हुए उच्च जैव ईंधन मिश्रण की दिशा में देश को आगे ले जाना है।

















