कलबुर्गी : कर्नाटक के गन्ना किसानों ने बेहतर भुगतान की मांग को लेकर राज्य सरकार पर दबाव बढ़ा दिया है। कर्नाटक प्रांत रैयत संघ (KPRS) ने राज्य सरकार से स्टेट एडवाइज्ड प्राइस (SAP) को तत्काल लागू करने और मौजूदा कीमत के ऊपर गन्ने के लिए 900 रुपये प्रति टन अतिरिक्त भुगतान करने की मांग की है।
किसानों को नहीं मिल रहा उपज का उचित मूल्य
कलबुर्गी में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में KPRS के जिला अध्यक्ष शरणबसप्पा मामशेट्टी ने कहा कि, किसान करीब 12 महीने तक गन्ने की फसल तैयार करते हैं। इस दौरान खाद, निराई-गुड़ाई, कटाई और अन्य कृषि कार्यों पर काफी खर्च होता है। भारी आर्थिक निवेश और मेहनत के बावजूद किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है।मामशेट्टी ने कहा कि, गन्ना किसान सूखे, भूजल स्तर में लगातार गिरावट और अपर्याप्त बारिश जैसी समस्याओं से भी जूझ रहे हैं। उन्होंने बताया कि एक टन गन्ना पैदा करने की लागत करीब 3,500 रुपये आती है। गन्ने की रिकवरी के आधार पर इसकी कीमत 5,000 रुपये प्रति टन तय करने की मांग भी उन्होंने की।
C2+50% फॉर्मूले के आधार पर MSP की मांग
KPRS ने एम.एस. स्वामीनाथन आयोग की सिफारिश के अनुसार C2+50% फॉर्मूले के आधार पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) लागू करने की भी मांग की। संगठन का कहना है कि, कर्नाटक शुगरकेन (रेगुलेशन ऑफ परचेज एंड सप्लाई) अधिनियम के तहत राज्य सरकार को केंद्र द्वारा तय फेयर एंड रिम्यूनरेटिव प्राइस (FRP) से ऊपर अतिरिक्त कीमत निर्धारित करनी चाहिए। सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले का हवाला देते हुए मामशेट्टी ने कहा कि राज्य सरकार को SAP निर्धारित करने का अधिकार है। इसलिए सरकार को बिना देरी किए गन्ने के लिए 900 रुपये प्रति टन अतिरिक्त कीमत की घोषणा करनी चाहिए।
गन्ना उप-उत्पादों के आय में मिले किसानों को हिस्सेदारी
संगठन ने मांग की कि, गन्ने की कटाई 12 महीने के भीतर पूरी की जाए। इसके साथ ही शीरा (Molasses), एथेनॉल, बगास और बिजली जैसे गन्ने से जुड़े उप-उत्पादों से होने वाली आय में किसानों को उचित हिस्सा दिया जाए। मामशेट्टी ने चीनी मिलों के मुख्य द्वार पर वजन मशीनें लगाने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि गन्ने से लदे वाहनों का वजन किसानों की मौजूदगी में किया जाना चाहिए और किसानों के साथ किसी भी तरह की धोखाधड़ी रोकने के लिए अधिकारियों को नियमित जांच करनी चाहिए।
एथेनॉल मिश्रण बढ़ाकर 25% करने की मांग
KPRS ने एथेनॉल मिश्रण की मात्रा बढ़ाकर 25 प्रतिशत करने, गन्ने की कटाई और परिवहन शुल्क को नियंत्रित करने तथा चीनी मिलों और किसानों के बीच कटाई एवं परिवहन को लेकर द्विपक्षीय समझौते करने की भी मांग रखी। मामशेट्टी ने कहा कि, इन उपायों से गन्ना किसानों पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ कम होगा और उन्हें अपनी उपज का उचित एवं लाभकारी मूल्य मिल सकेगा। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर संगठन ने गुरुवार को जिला प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार और चीनी एवं कपड़ा मंत्री रुद्रप्पा लमाणी के नाम संबोधित किया गया है।


















