कर्नाटक : एफआरपी तय करने के लिए खेत स्तर पर मूल्य निर्धारण प्रणाली लागू की जाए; गन्ना किसानों की रमेश चंद समिति से मांग

बेंगलुरु : कर्नाटक के कुछ गन्ना उत्पादक किसानों ने प्रो. रमेश चंद समिति से उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) निर्धारित करने के लिए खेत स्तर पर मूल्य निर्धारण प्रणाली (एक्स-फील्ड प्राइसिंग) लागू करने की मांग की है। किसानों का कहना है कि, सरकार द्वारा घोषित एफआरपी की पूरी राशि उन्हें खेत पर ही मिलनी चाहिए। चीनी मिलों द्वारा गन्ने की कटाई और परिवहन खर्च के नाम पर किसानों के भुगतान से किसी भी प्रकार की कटौती नहीं की जानी चाहिए।

गन्ना उत्पादक किसानों ने गुरुवार को बेंगलुरु में प्रो. रमेश चंद समिति से मुलाकात कर गन्ने के मूल्य निर्धारण और उत्पादन लागत से संबंधित अपने सुझाव प्रस्तुत किए। हाल ही में उत्तर कर्नाटक में हुए किसान आंदोलन के बाद केंद्र सरकार ने नीति आयोग के पूर्व सदस्य प्रो. रमेश चंद की अध्यक्षता में समिति का गठन किया था। इस समिति को गन्ना किसानों द्वारा उठाए गए मुद्दों की जांच करने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए उचित सुझाव देने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

किसान एफआरपी बढ़ाकर न्यूनतम 4,500 से 5,500 रुपये प्रति टन करने तथा चीनी का न्यूनतम बिक्री मूल्य मौजूदा 31 रुपये प्रति किलो से बढ़ाकर 60 रुपये प्रति किलो करने की मांग कर रहे हैं। केंद्र सरकार ने अक्टूबर से शुरू हुए 2026-27 के गन्ना पेराई सीजन के लिए एफआरपी 3,650 रुपये प्रति टन निर्धारित की है।

बढ़ती उत्पादन लागत से किसानों की आर्थिक स्थिति प्रभावित

भारतीय गन्ना किसान संघ के प्रदेश अध्यक्ष कुर्बुर शांतकुमार ने बताया कि वर्तमान में गन्ना कटाई मजदूरी और परिवहन खर्च के नाम पर किसानों के भुगतान से बड़ी रकम काट ली जाती है। इसके कारण किसानों को सरकार द्वारा घोषित एफआरपी से कम राशि मिलती है। उन्होंने कहा कि यदि एफआरपी खेत स्तर पर निर्धारित की जाती है, तो किसानों को घोषित मूल्य की पूरी रकम मिल सकेगी।

प्रो. रमेश चंद को सौंपे गए ज्ञापन में किसानों ने लगातार बढ़ती कृषि उत्पादन लागत, उचित मूल्य नहीं मिलने, चीनी मिलों द्वारा शोषण, सूखा, फसल नुकसान और कर्ज के बढ़ते बोझ के कारण उत्पन्न गंभीर आर्थिक समस्याओं की जानकारी दी। किसानों ने केंद्र और राज्य सरकार से उनके हितों की रक्षा करने तथा खेती को लाभकारी बनाने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की। शांतकुमार ने कहा कि गन्ने के बीज, खाद, कृषि मजदूरी, सिंचाई, बिजली, डीजल, कटाई और परिवहन सहित खेती की लगभग सभी लागतों में काफी वृद्धि हुई है। इसके बावजूद किसानों को गन्ने का जो मूल्य मिल रहा है, वह उत्पादन लागत के अनुरूप नहीं है।

मुनाफे में हिस्सेदारी देने की मांग

कर्नाटक के गन्ना विकास आयुक्त द्वारा केंद्रीय कृषि मूल्य आयोग को सौंपी गई रिपोर्ट का हवाला देते हुए शांतकुमार ने बताया कि पिछले वर्ष राज्य में एक टन गन्ने के उत्पादन की लागत 4,450 रुपये दर्ज की गई थी। उन्होंने कहा, “इसी आधार पर हमारी मांग है कि केंद्र सरकार 10.25 प्रतिशत चीनी रिकवरी के आधार पर गन्ने की एफआरपी कम से कम 4,500 रुपये प्रति टन निर्धारित करे।” इसके अलावा, गन्ना किसानों ने चीनी मिलों की अतिरिक्त कमाई में किसानों को हिस्सेदारी देने के लिए लाभ-साझाकरण व्यवस्था लागू करने की मांग की है।

किसानों का कहना है कि, चीनी मिलों को शीरा (मोलासेस), खोई (बैगास), इथेनॉल और सह-उत्पादन से बनने वाली बिजली जैसे उप-उत्पादों से अतिरिक्त आय होती है। इसलिए गन्ना नियंत्रण आदेश, 1966 के प्रावधानों के अनुसार इनसे होने वाली कमाई को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए और किसानों को मुनाफे में उचित हिस्सा मिलना चाहिए।

किसानों ने यह भी मांग की है कि प्रत्येक किसान के खेत में उत्पादित गन्ने की चीनी रिकवरी का वैज्ञानिक तरीके से अलग-अलग आकलन किया जाए और उसी के आधार पर एफआरपी तय की जाए। वर्तमान व्यवस्था में चीनी मिलें सभी किसानों द्वारा आपूर्ति किए गए गन्ने की कुल मात्रा के आधार पर औसत चीनी रिकवरी निकालती हैं और उसी के अनुसार भुगतान करती हैं।

शांतकुमार के अनुसार, इस व्यवस्था से उच्च गुणवत्ता वाला गन्ना उत्पादन करने वाले किसानों को नुकसान उठाना पड़ता है। इसके साथ ही किसानों ने मशीनों से गन्ने की कटाई के दौरान वजन में 8 से 10 प्रतिशत तक की कटौती करने की प्रथा समाप्त करने की मांग की है। किसानों का कहना है कि बिना किसी वैज्ञानिक जांच या कानूनी रूप से निर्धारित मानकों के गन्ने के वजन में इस तरह की कटौती करना उनके साथ अन्याय है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here