बेंगलुरु : कर्नाटक के मैसूरु, धारवाड़, बेलगावी सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में दो दिन पहले विरोध प्रदर्शन करने के बाद अब गन्ना किसानों ने मंगलवार को सभी जिला अधिकारी कार्यालयों का घेराव करने की चेतावनी दी है। इसके साथ ही शुक्रवार को बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में बड़े स्तर पर धरना आयोजित करने की घोषणा की गई है।किसान संगठनों की प्रमुख मांग है कि राज्य सरकार गन्ने के लिए राज्य निर्धारित मूल्य (SAP) घोषित करे और केंद्र सरकार उचित एवं लाभकारी मूल्य (FRP) में बढ़ोतरी करे। यह निर्णय राज्य के विभिन्न किसान संगठनों के संयुक्त मंच गन्ना उत्पादक समन्वय समिति की ओर से घोषित किया गया है।
एक संवाददाता सम्मेलन में कर्नाटक राज्य गन्ना उत्पादक संघ के प्रदेश अध्यक्ष कुरुबुर शांताकुमार ने कहा कि, यह निर्णय राज्य के सभी किसान संगठनों की सहमति से लिया गया है।किसानों की मांग है कि राज्य सरकार गन्ने के लिए अपना निर्धारित मूल्य घोषित करे। समिति ने बताया कि पंजाब सरकार ने गन्ने का मूल्य 4,480 रुपये प्रति टन, उत्तर प्रदेश ने 4,200 रुपये प्रति टन और तमिलनाडु ने 4,000 रुपये प्रति टन तय किया है।इसके अलावा किसानों ने केंद्र सरकार से 10.25 प्रतिशत चीनी रिकवरी के आधार पर गन्ने का उचित एवं लाभकारी मूल्य (FRP) बढ़ाकर कम से कम 4,500 रुपये प्रति टन करने की मांग की है। किसानों का कहना है कि उत्पादन लागत में लगातार बढ़ोतरी के कारण मौजूदा मूल्य पर्याप्त नहीं है।
किसानों की अन्य प्रमुख मांगें
किसान संगठनों ने गन्ने के वजन और चीनी रिकवरी के आंकड़ों में होने वाली कथित गड़बड़ी तथा धोखाधड़ी के खिलाफ सरकार से सख्त और पारदर्शी कार्रवाई करने की मांग की है। इसके अलावा राज्य में सूखे की स्थिति को देखते हुए किसानों का पूरा कृषि ऋण माफ करने और पिछले आंदोलनों के दौरान किसानों के खिलाफ दर्ज किए गए पुलिस मामलों को वापस लेने की मांग भी की गई है। समिति ने स्पष्ट किया कि उत्तर कर्नाटक की उन चीनी मिलों का वह विरोध नहीं कर रही है, जिन्होंने गन्ना पेराई के लिए 4,000 रुपये प्रति टन का मूल्य घोषित किया है। किसान इन मिलों को अपना गन्ना आपूर्ति कर सकते हैं।इसके साथ ही समिति ने जिला स्तर के किसान संगठनों से एकजुट होकर स्थानीय स्तर पर प्रभावी आंदोलन की रणनीति तैयार करने की अपील की है।

















