कर्नाटक : ट्रूअल्ट बायोएनर्जी 171 करोड़ रुपये में बेचेगी यूनिट-5, ओंकार एग्रो शुगर्स से हुआ समझौता

बेंगलुरु: ट्रूअल्ट बायोएनर्जी लिमिटेड के निदेशक मंडल ने कर्नाटक के बागलकोट जिले के बादामी तालुका में स्थित कंपनी की यूनिट-5 को ओंकार एग्रो शुगर्स एंड एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड को 171 करोड़ रुपये में स्लंप सेल (संपूर्ण व्यावसायिक इकाई की बिक्री) के माध्यम से बेचने को मंजूरी दे दी है। कंपनी ने यह जानकारी नियामकीय फाइलिंग में दी।कंपनी के अनुसार, यह मंजूरी 4 अगस्त 2026 को आयोजित बोर्ड बैठक में दी गई, हालांकि यह लेनदेन अंतिम समझौतों (डिफिनिटिव एग्रीमेंट्स) के निष्पादन और अन्य आवश्यक शर्तों के पूरा होने पर निर्भर करेगा।

कंपनी ने कहा कि, इस विनिवेश (डिवेस्टमेंट) का उद्देश्य उसकी वित्तीय स्थिति को मजबूत करना और संचालन दक्षता में सुधार करना है। कंपनी के मुताबिक यूनिट-5 वर्तमान में राजस्व में कोई योगदान नहीं दे रही है और इसे गैर-प्रमुख (नॉन-कोर) परिसंपत्ति माना गया है। फाइलिंग के अनुसार, यूनिट-5 पर इंडियन रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी लिमिटेड (IREDA) का लगभग 135 करोड़ रुपये का बकाया टर्म लोन है। कंपनी ने कहा कि इस ऋण पर वित्तीय लागत लगातार उसकी लाभप्रदता और नकदी प्रवाह पर दबाव बना रही थी। भूमि, भवन, संयंत्र एवं मशीनरी तथा अन्य चल परिसंपत्तियों सहित पूरी इकाई को गोइंग कंसर्न के रूप में बेचा जाएगा।

ChiniMandi WhatsApp Channel

कंपनी ने बताया कि, बिक्री से प्राप्त राशि का अधिकांश हिस्सा आईरेडा के बकाया ऋण के भुगतान में इस्तेमाल किया जाएगा, जबकि शेष राशि कंपनी के मुख्य व्यवसाय और उच्च विकास क्षमता वाले क्षेत्रों में निवेश की जाएगी। ट्रूअल्ट बायोएनर्जी का कहना है कि, इस कदम से पूंजी आवंटन में सुधार, बैलेंस शीट को मजबूती और शेयरधारकों के लिए दीर्घकालिक मूल्य सृजन में मदद मिलेगी। कंपनी और ओंकार एग्रो शुगर्स एंड एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के बीच 4 अगस्त 2026 को एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। अंतिम समझौते उचित जांच-पड़ताल (ड्यू डिलिजेंस), पूर्व शर्तों की पूर्ति और आवश्यक वैधानिक एवं नियामकीय मंजूरियों के बाद किए जाएंगे।

कंपनी ने स्पष्ट किया कि ओंकार एग्रो शुगर्स एंड एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड उसके प्रमोटर या प्रमोटर समूह से संबंधित नहीं है। इसलिए यह लेनदेन संबंधित पक्ष (रिलेटेड पार्टी) का सौदा नहीं है और न ही यह किसी विलय या पुनर्गठन योजना के अंतर्गत आता है। फाइलिंग के अनुसार, 31 मार्च 2026 को समाप्त वित्त वर्ष के दौरान यूनिट-5 का कोई कारोबार (टर्नओवर) नहीं था। वहीं, उसके शुद्ध परिसंपत्तियों (नेट एसेट्स) का वहन मूल्य 159.32 करोड़ रुपये था, जो उस तिथि पर कंपनी की कुल शुद्ध संपत्ति (नेटवर्थ) का 10.53 प्रतिशत था।ट्रूअल्ट बायोएनर्जी को उम्मीद है कि यह बिक्री प्रक्रिया 4 नवंबर 2026 तक पूरी हो जाएगी।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here