नई दिल्ली : ट्रूअल्ट बायोएनर्जी लिमिटेड को एथेनॉल आपूर्ति वर्ष (ESY) 2026-27 के लिए 27.48 करोड़ लीटर एथेनॉल का आवंटन किया गया है। यह आपूर्ति 1 नवंबर 2026 से 31 अक्टूबर 2027 तक सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों (OMCs) को की जाएगी। कंपनी ने नियामकीय फाइलिंग में यह जानकारी दी है। कंपनी को यह आवंटन CRFQ संख्या 1000466894(C-1) और ई-टेंडर संख्या 26985 के तहत 2,74,832 किलोलीटर (KL) एथेनॉल के लिए मिला है। इसमें भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL), हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL), इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) और मैंगलोर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड (MRPL) को आपूर्ति शामिल है।
कंपनी के अनुसार, लागू टेंडर दरों के आधार पर इस आवंटन का कुल मूल्य 17,15,27,43,850 रुपये यानी लगभग 1,715.27 करोड़ रुपये है। इसमें माल ढुलाई और कर शामिल नहीं हैं। इनका भुगतान अलग से किया जाएगा।फाइलिंग के अनुसार, सबसे बड़ा हिस्सा SFG श्रेणी के फीडस्टॉक से तैयार इथेनॉल का है। इसके तहत 15.21 करोड़ लीटर (1,52,144 KL) इथेनॉल की आपूर्ति की जाएगी, जिसका मूल्य 917,73,26,080 रुपये है।
मक्का से 8.87 करोड़ लीटर (88,740 KL) एथेनॉल की आपूर्ति होगी, जिसका मूल्य 586,30,51,800 रुपये है। वहीं, DFG श्रेणी से 2.39 करोड़ लीटर (23,947 KL) एथेनॉल का आवंटन हुआ है, जिसका मूल्य 153,26,08,000 रुपये है। CHM श्रेणी के तहत 1.00 करोड़ लीटर (10,001 KL) एथेनॉल की आपूर्ति की जाएगी, जिसका मूल्य 57,97,57,970 रुपये है।
सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों को मिलने वाले आवंटन के अतिरिक्त, कंपनी नायरा एनर्जी को भी 3 करोड़ लीटर (30,000 KL) एथेनॉल की आपूर्ति करेगी। 63 रुपये प्रति लीटर की दर से इस आपूर्ति का कुल मूल्य 189 करोड़ रुपये होगा। इसके साथ ही OMCs के आवंटन और नायरा एनर्जी को होने वाली आपूर्ति का संयुक्त मूल्य लगभग 1,904.27 करोड़ रुपये हो जाएगा।
ट्रूअल्ट बायोएनर्जी के पास ESY 2025-26 से आगे बढ़ाकर लाई गई 7 करोड़ लीटर (70,000 KL) एथेनॉल की लंबित आपूर्ति भी है। 71.86 रुपये प्रति लीटर की दर से इसका मूल्य 503.02 करोड़ रुपये है।इसके अलावा, कंपनी को डिस्टिलर्स ड्राइड ग्रेन्स विद सॉल्यूबल्स (DDGS) और डिस्टिलर्स वेट ग्रेन्स विद सॉल्यूबल्स (DWGS) जैसे उप-उत्पादों से लगभग 345 करोड़ रुपये का राजस्व मिलने की उम्मीद है। वहीं, 63 रुपये प्रति लीटर की दर से 10 करोड़ लीटर (1,00,000 KL) एक्स्ट्रा न्यूट्रल अल्कोहल (ENA) की बिक्री से करीब 630 करोड़ रुपये का राजस्व अनुमानित है।कंपनी के मुताबिक, इन सभी मदों का कुल अनुमानित मूल्य लगभग 3,382.29 करोड़ रुपये है। अन्य निजी तेल विपणन कंपनियों को की जाने वाली किसी भी अतिरिक्त एथेनॉल आपूर्ति का मूल्य इस राशि से अलग होगा।
आपूर्ति और भुगतान की शर्तें
अनुबंध की शर्तों के अनुसार, एथेनॉल की आपूर्ति समर्पित, कैलिब्रेटेड और VTS से लैस टैंकर ट्रकों के माध्यम से करनी होगी। एथेनॉल को IS 15464:2022 मानक के अनुरूप होना चाहिए और उसमें कुल क्लोराइड की मात्रा 3 मिलीग्राम प्रति किलोग्राम से कम होनी चाहिए। साथ ही, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग (DFPD) की व्यवस्था के तहत फीडस्टॉक का प्रमाणन भी अनिवार्य होगा।
कंपनी को लेटर ऑफ अवार्ड (LOA) के मूल मूल्य का 3 प्रतिशत सुरक्षा जमा के रूप में 10 दिनों के भीतर देना होगा। यह राशि 30 नवंबर 2027 तक वैध बैंक गारंटी के रूप में दी जा सकती है, जिसकी दावा अवधि 31 मई 2028 तक होगी। इसके विकल्प के तौर पर शुरुआती बिलों से भी यह राशि काटी जा सकती है।
तेल विपणन कंपनियां सामग्री और मूल चालान प्राप्त होने के 21 दिनों के भीतर पूरी राशि का भुगतान करेंगी। हालांकि, नियमानुसार आवश्यक कटौतियां लागू रहेंगी। यदि कंपनी निर्धारित मात्रा से कम इथेनॉल की आपूर्ति करती है, तो एक्स-मिल कीमत पर 3 प्रतिशत की कटौती लागू होगी। इसकी गणना हर महीने खरीद आदेश या इंडेंट की निर्धारित मात्रा के 95 प्रतिशत के मुकाबले की जाएगी। इस कमी का त्रैमासिक आधार पर मिलान किया जाएगा, जिसमें 34 KL तक की छूट सीमा रहेगी। किसी भी तिमाही में अनुबंधित मात्रा के 50 प्रतिशत से कम आपूर्ति को अनुबंध का पालन न करना माना जाएगा। ऐसी स्थिति में तेल विपणन कंपनियों के पास वैकल्पिक खरीद (रिस्क परचेज) और अनुबंध रद्द करने का अधिकार सुरक्षित रहेगा।

















