केसीपी शुगर का पहली तिमाही का मुनाफा 158.5% बढ़ा, निदेशक मंडल ने अंतिम लाभांश को दी मंजूरी

नई दिल्ली: के.सी.पी. शुगर एंड इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन लिमिटेड (केसीपी शुगर) ने 30 जून 2026 को समाप्त पहली तिमाही (Q1) के लिए स्टैंडअलोन शुद्ध लाभ में 158.5 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि दर्ज की है। कंपनी का शुद्ध लाभ बढ़कर 45.56 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी के निदेशक मंडल ने 12 अगस्त 2026 को हुई बैठक में अनऑडिटेड वित्तीय परिणामों को मंजूरी दी।

कंपनी ने बीएसई और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) को दी गई नियामकीय सूचना में बताया कि, यह बैठक सेबी (लिस्टिंग दायित्व एवं प्रकटीकरण आवश्यकताएं) विनियम, 2015 (SEBI LODR) के विनियम 30 और 33 के तहत बुलाई गई थी। बैठक में अंतिम लाभांश (फाइनल डिविडेंड), रिकॉर्ड तिथि और संबंधित पक्ष (रिलेटेड पार्टी) आपूर्ति अनुबंध को भी मंजूरी दी गई।

ChiniMandi WhatsApp Channel

कंपनी का संचालन से स्टैंडअलोन राजस्व पिछले वर्ष की समान तिमाही के 55.35 करोड़ रुपये से बढ़कर 68.14 करोड़ रुपये हो गया, जो 23.1 प्रतिशत की वृद्धि है। 54.78 करोड़ रुपये की अन्य आय के कारण कुल आय बढ़कर 122.91 करोड़ रुपये पहुंच गई। वहीं, कर-पूर्व लाभ (PBT) बढ़कर 53.14 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही में 22.84 करोड़ रुपये था। प्रति शेयर आय (EPS) बढ़कर 4.02 रुपये रही, जबकि एक वर्ष पहले यह 1.55 रुपये थी।

कंपनी ने बताया कि, इस तिमाही की अन्य आय में इक्विटी निवेशों के उचित मूल्य (फेयर वैल्यू) में वृद्धि से 51.22 करोड़ रुपये का लाभ शामिल है। पिछले वर्ष की समान तिमाही में यह लाभ 22.81 करोड़ रुपये था।समेकित (कंसोलिडेटेड) आधार पर, जिसमें होल्डिंग कंपनी और उसकी सहायक कंपनियां शामिल हैं, संचालन से राजस्व 31.4 प्रतिशत बढ़कर 78.03 करोड़ रुपये हो गया। समेकित शुद्ध लाभ 19.15 करोड़ रुपये से बढ़कर 46.25 करोड़ रुपये पहुंच गया। समेकित ईपीएस 4.08 रुपये रहा, जबकि पिछले वर्ष की समान तिमाही में यह 1.69 रुपये था।

खंडवार (सेगमेंट) आधार पर चीनी कारोबार स्टैंडअलोन राजस्व का सबसे बड़ा स्रोत रहा, जिससे 38.74 करोड़ रुपये प्राप्त हुए। इसके बाद अन्य कारोबार से 22.36 करोड़ रुपये, रसायन (केमिकल) कारोबार से 6.56 करोड़ रुपये और इंजीनियरिंग कारोबार से 1.86 करोड़ रुपये का योगदान रहा।स्वतंत्र लेखा परीक्षक बी. पुरुषोत्तम एंड कंपनी ने अपनी समीक्षा में कहा कि वित्तीय परिणामों में कोई महत्वपूर्ण त्रुटि नहीं पाई गई। हालांकि, उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि कंपनी की मौसमी चीनी उत्पादन प्रणाली के अनुरूप चीनी और सह-उत्पादन (को-जनरेशन) व्यवसाय से संबंधित 9.44 करोड़ रुपये के अन्य व्यय और 0.58 करोड़ रुपये के मूल्यह्रास (डिप्रिसिएशन) को आगामी तिमाहियों में मान्यता देने के लिए स्थगित किया गया है। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि चीनी उद्योग की मौसमी प्रकृति के कारण तिमाही परिणामों को पूरे वर्ष के प्रदर्शन का संकेतक नहीं माना जाना चाहिए।

लाभांश (डिविडेंड) के संबंध में निदेशक मंडल ने 31 मार्च 2026 को समाप्त वित्त वर्ष के लिए प्रति इक्विटी शेयर 0.10 रुपये (10 पैसे) का अंतिम लाभांश देने की सिफारिश की है। यह लाभांश शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन होगा और यदि वार्षिक आम बैठक (AGM) में इसे स्वीकृति मिलती है, तो भुगतान 30 दिनों के भीतर किया जाएगा।

कंपनी की 31वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) 24 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे (भारतीय समयानुसार) वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित होगी। निदेशक मंडल ने 17 सितंबर 2026 को लाभांश के पात्र शेयरधारकों के निर्धारण के लिए रिकॉर्ड तिथि तय किया है, जबकि 18 से 24 सितंबर 2026 तक कंपनी की बुक क्लोजर अवधि रहेगी।

अलग से, निदेशक मंडल ने कंपनी की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी द ईमको-केसीपी लिमिटेड से 153.40 करोड़ रुपये के इंजीनियरिंग पार्ट्स आपूर्ति अनुबंध को भी मंजूरी दी है। यह आपूर्ति कंपनी की थुवक्कुडी इकाई के माध्यम से की जाएगी।कंपनी ने स्पष्ट किया कि, लाभांश भुगतान और अन्य शेयरधारक संबंधी प्रस्ताव आगामी AGM में मंजूरी मिलने के बाद ही प्रभावी होंगे।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here