केन्या का गन्ने से एथेनॉल उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम

नैरोबी : केन्या अब सिर्फ चीनी उत्पादन तक सीमित न रहकर गन्ने से एथेनॉल उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है। इसका उद्देश्य ईंधन की बढ़ती कीमतों को नियंत्रित करना, चीनी उद्योग को नई दिशा देना और ग्रामीण क्षेत्रों में हजारों रोजगार के अवसर पैदा करना है। इस पहल के पीछे ब्राज़ील के सफल गन्ना-से-ईंधन मॉडल से मिली प्रेरणा बताई जा रही है। डायनी में आयोजित 68वें इंटरनेशनल शुगर ऑर्गनाइजेशन सेमिनार के उद्घाटन के दौरान केन्या के उपराष्ट्रपति किथुरे किंडिकी और कृषि मंत्री मुताही कागवे ने इस नई नीति की घोषणा की। उन्होंने संकेत दिया कि, अब केन्या गन्ने को सिर्फ चीनी का स्रोत नहीं, बल्कि ऊर्जा उत्पादन की रणनीतिक फसल के रूप में देख रहा है।

सेमिनार में बताया गया कि, ब्राज़ील ने एथेनॉल मिश्रित ईंधन का उपयोग कर पेट्रोल की कीमतों को स्थिर रखने, तेल पर निर्भरता कम करने और अपनी अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में बड़ी सफलता हासिल की है। ब्राज़ील ने पिछले पाँच दशकों में एथेनॉल के जरिए चार अरब बैरल से अधिक पेट्रोल की खपत को बदला है, जिससे देश को अरबों डॉलर की बचत हुई है। उपराष्ट्रपति किंडिकी ने कहा कि, सरकार शुगर एक्ट और मौजूदा नियमों की समीक्षा करेगी ताकि एथेनॉल उत्पादन को कानूनी और आर्थिक ढांचे में मजबूती से शामिल किया जा सके। सरकार ईंधन मिश्रण से जुड़े नियम बनाने के लिए ऊर्जा और पेट्रोलियम नियामक प्राधिकरण (EPRA) के साथ मिलकर काम करेगी।

ChiniMandi WhatsApp Channel

कृषि मंत्री मुताही कागवे ने कहा कि, केन्या अब केवल चीनी उत्पादन पर केंद्रित नहीं रह सकता। गन्ने की वैल्यू चेन में एथेनॉल, बिजली उत्पादन, औद्योगिक अल्कोहल और अन्य उत्पादों में बड़ी संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि, किसानों की आय बढ़ाने के लिए गन्ने से जुड़े नए उद्योग विकसित करना जरूरी है। उन्होंने कहा, हम अब गन्ने से एथेनॉल उत्पादन को गंभीरता से देख रहे हैं, खासकर तब जब वैश्विक स्तर पर ईंधन की कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव है। कागवे ने यह भी कहा कि, भविष्य में केन्या में चीनी गन्ने का मुख्य उत्पाद नहीं रह सकती, बल्कि गन्ने से बनने वाले अन्य उत्पाद अधिक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि चीनी सिर्फ एक उत्पाद रहे, जबकि एथेनॉल और अन्य गन्ना-आधारित उत्पाद अर्थव्यवस्था की नई ताकत बनें।

सरकार ब्राज़ील के एकीकृत गन्ना मॉडल का अध्ययन कर रही है, जहां गन्ने से एथेनॉल, बिजली, बायोफ्यूल और औद्योगिक उत्पाद तैयार किए जाते हैं। केन्या का मानना है कि इससे देश को ऊर्जा सुरक्षा मिलेगी, पेट्रोलियम आयात पर निर्भरता घटेगी और किसानों को स्थिर बाजार मिलेगा। वर्तमान में केन्या का चीनी उद्योग प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से 60 लाख से अधिक लोगों को रोजगार देता है, खासकर पश्चिमी केन्या में। ऐसे में गन्ने से एथेनॉल उत्पादन की यह नई पहल देश की ऊर्जा व्यवस्था और चीनी उद्योग दोनों की तस्वीर बदल सकती है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here