महाराष्ट्र: चीनी उद्योग की समस्याओं पर 4 नवंबर को पुणे में केंद्रीय अध्ययन समिति की महत्वपूर्ण बैठक

पुणे: गन्ना उत्पादक किसानों और चीनी उद्योग के सामने मौजूद विभिन्न समस्याओं का अध्ययन करने तथा उनके समाधान के लिए सुझाव देने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने एक विशेष समिति का गठन किया है। नीति आयोग के पूर्व सदस्य प्रो. रमेश चंद की अध्यक्षता में गठित इस समिति की महत्वपूर्ण बैठक 4 नवंबर को पुणे स्थित चीनी आयुक्तालय में आयोजित की जाएगी।

इस बैठक में प्रो. रमेश चंद की प्रमुख उपस्थिति में महाराष्ट्र की विभिन्न किसान संगठनों, चीनी मिलों से जुड़ी संस्थाओं, वेस्ट इंडियन शुगर मिल्स एसोसिएशन (विस्मा) और वसंतदादा शुगर इंस्टीट्यूट (वीएसआई) के प्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग बैठकें होंगी। दिनभर चलने वाली इस बैठक में चीनी उद्योग की लंबित समस्याओं, गन्ना उत्पादक किसानों की कठिनाइयों और उनके संभावित समाधानों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा।

ChiniMandi WhatsApp Channel

संस्थावार बैठक का समय निर्धारित…

पुणे स्थित शुगर कॉम्प्लेक्स में 4 नवंबर को आयोजित होने वाली बैठक के लिए विभिन्न संस्थाओं के साथ चर्चा का समय निर्धारित किया गया है।

सुबह 9:30 से 10:15 बजे तक: वसंतदादा शुगर इंस्टीट्यूट (वीएसआई) के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा।

सुबह 10:30 से दोपहर 1:00 बजे तक: राज्य के गन्ना उत्पादक किसान संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक।

दोपहर 1:45 से 3:00 बजे तक: राज्य सहकारी चीनी मिल संघ और वेस्ट इंडियन शुगर मिल्स एसोसिएशन (विस्मा) के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा।

दोपहर 3:00 से 3:30 बजे तक: ऑल इंडिया शुगर ट्रेड एसोसिएशन (एआईएसटीए) के प्रतिनिधियों के साथ बैठक।

दोपहर 3:45 से शाम 4:45 बजे तक: महाराष्ट्र के चीनी आयुक्त डॉ. संजय कोलते और राज्य सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा।

गन्ना किसानों की समस्याओं के समाधान पर होगा मंथन

केंद्र सरकार ने गन्ना उत्पादक किसानों और चीनी उद्योग से जुड़े विभिन्न मुद्दों का गहन अध्ययन करने के लिए इस समिति का गठन किया है। समिति के माध्यम से चीनी उद्योग से जुड़े सभी संबंधित पक्षों की राय और समस्याओं को समझकर उनके संभावित समाधान के संबंध में केंद्र सरकार को सिफारिशें दी जाएंगी। 4 नवंबर को पुणे में होने वाली इस बैठक में किसान संगठनों, चीनी उद्योग से जुड़ी संस्थाओं और सरकारी अधिकारियों के साथ अलग-अलग चर्चा कर उनकी मांगों, सुझावों और समस्याओं की जानकारी ली जाएगी।

चीनी आयुक्त डॉ. संजय कोलते ने बताया कि, केंद्र सरकार ने गन्ना उत्पादक किसानों और चीनी क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं का अध्ययन करने के लिए समिति का गठन किया है। समिति के अध्यक्ष प्रो. रमेश चंद की उपस्थिति में 4 नवंबर को पुणे में चीनी उद्योग से जुड़े सभी संबंधित पक्षों के आमंत्रित प्रतिनिधियों के साथ चर्चा होगी। इस दौरान उनकी समस्याओं और संभावित समाधानों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here