पटना: बिहार सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 15 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों का तबादला किया है। इस बदलाव के तहत कई विभागों में नए सचिव, अतिरिक्त मुख्य सचिव और प्रमंडलीय आयुक्त नियुक्त किए गए हैं। वर्तमान में बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रूप में कार्यरत विनोद गुंजियाल को शिक्षा विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। उन्हें खेल विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। इसके साथ ही बी. राजेंदर को शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है, हालांकि वे सामान्य प्रशासन विभाग में अपनी जिम्मेदारी निभाते रहेंगे। धर्मेंद्र सिंग को सहकारिता विभाग से हटाकर गन्ना उद्योग विभाग में भेजा गया है।इससे पहले 1996 बैच के आईएएस अधिकारी सेन्थिल कुमार इस विभाग का काम देखते थे।
सेन्थिल कुमार को श्रम संसाधन विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव बनाया गया है। उन्हें पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। इससे पहले वे गन्ना उद्योग विभाग में कार्यरत थे। वहीं एच. आर. श्रीनिवासको पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। कोसी और पूर्णिया प्रमंडल के आयुक्त रहे राजेश कुमार को पटना बुलाकर लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) का प्रधान सचिव बनाया गया है। वहीं पूर्व पीएचईडी सचिव पंलाज कुमार पाल अब पथ निर्माण विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे। खाद्य, तकनीक और सहकारिता से जुड़े विभागों में भी कई बदलाव किए गए हैं। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के सचिव अभय कुमात सिंग को सूचना प्रौद्योगिकी विभाग में भेजा गया है। साथ ही उन्हें बेल्ट्रॉन का प्रबंध निदेशक भी बनाया गया है।यह फेरबदल बिहार सरकार द्वारा हाल ही में 16 आईपीएस अधिकारियों के तबादले के कुछ दिनों बाद किया गया है, जिसमें विकास वैभव को मगध रेंज का नया पुलिस महानिरीक्षक नियुक्त किया गया था।


















