बिहार में 10 चीनी मिलें चालू, 5 और जल्द शुरू होंगी: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ‘गन्ना विकास रथ-2026’ को दिखाई हरी झंडी

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद कक्ष’ के सामने आयोजित कार्यक्रम में ‘गन्ना विकास रथ-2026’ अभियान की शुरुआत की। यह पहल बिहार सरकार के गन्ना उद्योग विभाग की ओर से आयोजित की गई है। मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी जिलों के लिए गन्ना विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।बिहार मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गन्ना किसानों की समृद्धि, गन्ना उत्पादन में वृद्धि और चीनी उद्योग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। वर्तमान में बिहार में 10 चीनी मिलें संचालित हैं, जबकि 5 और चीनी मिलें जल्द ही शुरू होने वाली हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘समृद्ध उद्योग, सशक्त बिहार’ की सोच के साथ शुरू किया गया यह अभियान आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक खेती और सरकारी योजनाओं की जानकारी सीधे किसानों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। नई चीनी मिलों की स्थापना और बंद पड़ी मिलों को फिर से चालू करके बिहार के चीनी उद्योग को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि, गन्ने की खेती किसानों की आय बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे न केवल किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि, ‘गन्ना विकास रथ-2026’ किसानों को आधुनिक तकनीक और सरकारी योजनाओं से जोड़ेगा। साथ ही, बिहार में गन्ना उत्पादन और चीनी उद्योग के विकास को नई दिशा प्रदान करेगा।

ChiniMandi WhatsApp Channel

इस गन्ना विकास रथ के माध्यम से किसानों को गन्ने की उन्नत किस्मों, वैज्ञानिक खेती के तरीकों, जैविक खाद और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा, ‘गन्ना मशीनीकरण योजना’ के तहत कृषि मशीनों की खरीद पर मिलने वाले अनुदान और ‘मुख्यमंत्री गन्ना विकास कार्यक्रम’ के तहत प्रमाणित गन्ना बीजों पर उपलब्ध सब्सिडी के बारे में भी किसानों को जागरूक किया जाएगा। नई जगहों पर गन्ने की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए किसानों को मुफ्त गन्ना बीज उपलब्ध कराने की जानकारी भी दी जाएगी।

किसानों को अधिक सुविधाजनक और सुलभ सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए डिजिटल तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। इसके तहत ‘गन्ना आईडी’ और ‘गन्ना साथी’ एआई चैटबॉट के माध्यम से किसानों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने की पहल शुरू की गई है। इसके अलावा, कृषि कार्यशालाओं और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से किसानों के बीच जागरूकता बढ़ाने और जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने का भी प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव, गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह और संजय कुमार सिंह, गन्ना उद्योग विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here