पाकिस्तान की मिलों ने अतिरिक्त चीनी स्टॉक के तत्काल निर्यात की मांग की

इस्लामाबाद: पाकिस्तान की चीनी मिलें इस समय गंभीर नकदी संकट का सामना कर रही है। करीब 10 लाख टन बिना बिकी अतिरिक्त चीनी गोदामों में पड़ी हुई है। पाकिस्तान शुगर मिल्स एसोसिएशन (PSMA) ने सरकार से इस अतिरिक्त स्टॉक के तत्काल निर्यात की अनुमति देने की मांग की है। ‘पाकिस्तान टुडे’ की रिपोर्ट के अनुसार, PSMA का कहना है कि यदि अतिरिक्त चीनी के निर्यात की तत्काल मंजूरी नहीं दी गई तो मिलों के लिए किसानों का भुगतान करना, कर्मचारियों के वेतन का प्रबंध करना और आगामी गन्ना पेराई सीजन की तैयारी के लिए मशीनरी व उपकरण तैयार करना मुश्किल हो जाएगा। नई पेराई शुरू होने में अब करीब दो महीने ही बाकी हैं।

निर्यात से 700-800 मिलियन डॉलर की कमाई की उम्मीद

ChiniMandi WhatsApp Channel

PSMA के मुताबिक, 10 लाख टन अतिरिक्त चीनी का निर्यात किया जाता है तो इससे पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था में करीब 70 करोड़ से 80 करोड़ डॉलर की विदेशी मुद्रा आ सकती है। संगठन का कहना है कि वैश्विक बाजार की मौजूदा परिस्थितियां निर्यात के लिए अनुकूल हैं। हाल ही में हुई बैठकों में सरकारी अधिकारियों ने अतिरिक्त चीनी के स्टॉक की मौजूदगी को स्वीकार किया है, लेकिन वाणिज्यिक निर्यात के लिए संघीय स्तर पर अंतिम मंजूरी अभी भी अटकी हुई है।

स्टॉक बढ़ा रहा मिलों पर वित्तीय दबाव

बिना बिकी चीनी को लंबे समय तक गोदामों में रखने से चीनी मिलों की वित्तीय मुश्किलें और बढ़ रही हैं। मिलों को भारी भंडारण लागत के साथ बढ़ती बैंक ब्याज दरों का भी बोझ उठाना पड़ रहा है। इसके अलावा, गन्ने के बढ़े समर्थन मूल्य, अधिक टैक्स, बढ़ती मजदूरी और महंगे आयातित प्रोसेसिंग केमिकल्स के कारण उत्पादन एवं संचालन लागत लगातार बढ़ रही है। दूसरी ओर, घरेलू बाजार में चीनी की कीमतें वास्तविक उत्पादन लागत से नीचे बनी हुई हैं। ऐसे में मिलों पर एक साथ कम बिक्री मूल्य, बढ़ती लागत और बढ़ते वित्तीय खर्च का दबाव है।

नई फसल से पहले स्टॉक की बड़ी चुनौती

चीनी उद्योग के सामने एक और बड़ी समस्या आगामी गन्ना फसल को लेकर है। अगले पेराई सीजन में करीब 80 लाख टन चीनी उत्पादन की उम्मीद जताई जा रही है। मिल मालिकों का कहना है कि मौजूदा गोदाम पहले ही क्षमता तक भर चुके हैं। ऐसे में यदि मौजूदा अतिरिक्त स्टॉक का समय रहते निर्यात नहीं किया गया तो नई फसल से बनने वाली चीनी को रखने के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध कराना लगभग असंभव हो जाएगा। चीनी मिलों का कहना है कि तत्काल निर्यात की अनुमति मिलने से न केवल गोदामों में जमा अतिरिक्त स्टॉक कम होगा, बल्कि मिलों को किसानों का भुगतान करने, कर्मचारियों के वेतन और आगामी पेराई सीजन की तैयारी के लिए जरूरी कार्यशील पूंजी भी मिल सकेगी। PSMA ने सरकार से जल्द से जल्द वाणिज्यिक निर्यात की मंजूरी देने की अपील की है, ताकि नई फसल आने से पहले चीनी उद्योग के वित्तीय और भंडारण संकट को कम किया जा सके।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here