मनीला : फिलीपींस को अमेरिका के वित्त वर्ष 2026-27 के कच्ची गन्ना चीनी टैरिफ-रेट कोटा (TRQ) के तहत अतिरिक्त 9,151 मीट्रिक टन रॉ शुगर वैल्यू (MTRV) का निर्यात कोटा मिला है। फिलस्टार ग्लोबल ने अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) के हवाले से यह जानकारी दी है। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय ने अपने नवीनतम आवंटन में बचा हुआ 55,993 MTRV कच्ची चीनी निर्यात कोटा 28 देशों के बीच बांटा है। फिलीपींस को अतिरिक्त कोटे के मामले में दूसरा सबसे बड़ा आवंटन मिला है। इससे अधिक 11,931 MTRV का आवंटन डोमिनिकन गणराज्य को किया गया है।
कुल निर्यात कोटा बढ़कर 1,54,386 MTRV
फिलीपींस को इससे पहले जुलाई में 1,45,235 MTRV का कोटा आवंटित किया गया था। नए आवंटन के बाद वित्त वर्ष 2027 के लिए अमेरिका को फिलीपींस का कुल कच्ची चीनी निर्यात कोटा बढ़कर 1,54,386 MTRV हो गया है।यह आवंटन अमेरिका के वित्त वर्ष 2027 के कुल 11.2 लाख MTRV के टैरिफ-रेट कोटा का हिस्सा है। अमेरिकी वित्त वर्ष 2027 की अवधि 1 अक्टूबर 2026 से 30 सितंबर 2027 तक रहेगी। TRQ व्यवस्था के तहत निर्धारित देशों को तय मात्रा में चीनी का अमेरिका को रियायती शुल्क दरों पर निर्यात करने की अनुमति दी जाती है।
अतिरिक्त कोटे के इस्तेमाल पर फिलीपींस ने अभी नहीं लिया फैसला
हालांकि, फिलीपींस अतिरिक्त कोटे का तुरंत इस्तेमाल करने के लिए प्रतिबद्ध नहीं हुआ है। शुगर रेगुलेटरी एडमिनिस्ट्रेशन (SRA) के प्रशासक पाब्लो लुइस अज़कोना ने बताया कि एजेंसी ने औपचारिक प्रतिबद्धता से पहले अमेरिकी सरकार से अतिरिक्त समय मांगा है। अज़कोना के अनुसार, SRA पहले देश में कच्ची चीनी के घरेलू उत्पादन की निगरानी और पुष्टि करना चाहता है। इसके बाद ही यह तय किया जाएगा कि फिलीपींस निर्यात के लिए पर्याप्त मात्रा में चीनी उपलब्ध करा सकता है या नहीं। इससे पहले भी अज़कोना ने चेतावनी दी थी कि घरेलू उत्पादन में संभावित गिरावट के कारण फिलीपींस आगामी फसल वर्ष में अमेरिका को कच्ची चीनी का निर्यात नहीं करने का विकल्प चुन सकता है।
चीनी उत्पादन में 10% गिरावट का अनुमान
फिलीपींस में 2026-27 पेराई सीजन के दौरान चीनी उत्पादन करीब 10% घटकर 16.6 लाख मीट्रिक टन रहने का अनुमान है। 2025-26 सीजन में उत्पादन लगभग 18.5 लाख मीट्रिक टन रहा था। उत्पादन में संभावित गिरावट के पीछे प्रमुख कारणों में से एक रेड-स्ट्राइप्ड सॉफ्ट स्केल इंसेक्ट (RSSI) का प्रसार बताया जा रहा है। यह कीट फिलीपींस के चीनी उद्योग के लिए बड़ा खतरा बनकर उभरा है। यह कीट गन्ने के रस पर निर्भर रहता है और प्रभावित गन्ने में चीनी की मात्रा 50% तक कम कर सकता है।
पहले भी अमेरिका को चीनी निर्यात से पीछे हट चुका है फिलीपींस
घरेलू उत्पादन पर्याप्त नहीं होने के कारण फिलीपींस ने 2021-22 और 2022-23 फसल वर्षों में अमेरिका को कच्ची चीनी निर्यात करने से इनकार कर दिया था। हालांकि, 2025-26 फसल वर्ष में सरकार ने फिर से निर्यात शुरू किया। उस समय कृषि विभाग ने अमेरिका को 1 लाख मीट्रिक टन कच्ची चीनी भेजने की अनुमति दी थी। देश में चीनी का अतिरिक्त भंडार बढ़ने और किसानों को मिलने वाले भाव में गिरावट के कारण निर्यात को मंजूरी दी गई थी। SRA के आंकड़ों के अनुसार, 6 सितंबर तक फिलीपींस 2025-26 फसल वर्ष में अमेरिका को 99,538 मीट्रिक टन कच्ची चीनी निर्यात कर चुका था।


















