मनिला : यदि गन्ने में फैल रहे रेड-स्ट्राइप्ड सॉफ्ट स्केल इंसेक्ट (RSSI) का प्रकोप जल्द नहीं रोका गया, तो अगले वर्ष देश का चीनी उत्पादन घटकर सिर्फ 10 लाख मीट्रिक टन रह सकता है। यह चेतावनी यूनाइटेड फेडरेशन ऑफ शुगर प्रोड्यूसर्स (UNIFED) ने दी है। यूनिफेड के अध्यक्ष मैनुअल लामाटा ने कहा कि, RSSI का तेजी से फैलता प्रकोप देश के चीनी उद्योग के लिए गंभीर खतरा बन गया है, खासकर नेग्रोस द्वीप में, जहां देश के लगभग 65 प्रतिशत चीनी का उत्पादन होता है।
मैनुअल लामाटा ने यह बात नेग्रोस ऑक्सिडेंटल के तालिसाय सिटी में आयोजित बैठक के दौरान कही, जिसमें शुगर रेगुलेटरी एडमिनिस्ट्रेशन (SRA), स्थानीय प्रशासन और अन्य संबंधित पक्षों के प्रतिनिधि शामिल हुए। उन्होंने बताया कि, हाल ही में समाप्त हुए पेराई सीजन में ही RSSI के प्रभाव के कारण देश का चीनी उत्पादन 21 लाख टन से घटकर 18 लाख मीट्रिक टन रह गया, यानी करीब 20 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
लामाटा ने कहा, यदि अभी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो अगले वर्ष उत्पादन केवल 10 लाख मीट्रिक टन तक सीमित रह सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि इससे चीनी उद्योग और स्थानीय अर्थव्यवस्था पर गंभीर असर पड़ेगा।
प्रांतीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन परिषद की रिपोर्ट के अनुसार, नेग्रोस ऑक्सिडेंटल में गन्ने की कुल 1.90 लाख हेक्टेयर खेती में से लगभग 61,242 हेक्टेयर (32.18 प्रतिशत) क्षेत्र आरएसएसआई से प्रभावित हो चुका है।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए यूनिफेड ने स्थानीय प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों में स्थानीय आपदा घोषित करने की मांग की है, ताकि राहत एवं नियंत्रण कार्यों के लिए तुरंत स्थानीय आपदा निधि का उपयोग किया जा सके।
बुकिडनोन में आयोजित आपात बैठक के दौरान एसआरए प्रशासक पाब्लो लुइस अजकोना ने बताया कि, आरएसएसआई से संक्रमित गन्ने में चीनी की रिकवरी लगभग 50 प्रतिशत तक कम हो जाती है। उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थानीय स्तर पर आरएसएसआई के प्रसार को रोकने का कोई प्रभावी समाधान उपलब्ध नहीं है। मैनुअल लामाटा ने कहा, हमें तेजी से कार्रवाई करनी होगी। आने वाली गन्ना फसल को हर हाल में बचाना जरूरी है।


















