नई दिल्ली : रिजर्व बैंक ऑफ़ इंडिया (आरबीआई) ने कहा है कि, वर्ष 2026-27 में भारत के कृषि क्षेत्र का भविष्य दक्षिण-पश्चिम मानसून की प्रगति और उसके वितरण पर काफी हद तक निर्भर करेगा। केंद्रीय बैंक ने चेतावनी दी है कि, एल नीनो की स्थिति बनने की आशंका कृषि उत्पादन के लिए जोखिम पैदा कर सकती है। अपनी वार्षिक रिपोर्ट 2025-26 में आरबीआई ने कहा कि, मौसम संबंधी चुनौतियां बनी हुई हैं, लेकिन बेहतर सिंचाई सुविधाओं, तकनीकी प्रगति, सरकारी सहायता और बजट 2026-27 में घोषित नीतिगत पहलों से कृषि क्षेत्र को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय कृषि अभी भी मानसून पर काफी निर्भर है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में सिंचाई के विस्तार, बेहतर फसल प्रबंधन और आधुनिक तकनीकों के कारण खेती की वर्षा पर निर्भरता पहले की तुलना में कुछ कम हुई है।आरबीआई ने यह भी कहा कि, मानसून के अंतिम चरण में पॉजिटिव इंडियन ओशन डाइपोल (IOD) की स्थिति बनने की संभावना है, जिससे अच्छी बारिश हो सकती है। इससे एल नीनो के संभावित नकारात्मक असर को कुछ हद तक संतुलित किया जा सकता है।
केंद्रीय बैंक ने जारी वैश्विक भू-राजनीतिक तनावों को भी कृषि क्षेत्र के लिए चिंता का विषय बताया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि इससे उर्वरक जैसे कृषि इनपुट की उपलब्धता और कीमतों पर दबाव बढ़ सकता है। हालांकि सरकार की ओर से उर्वरकों और अन्य जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के प्रयास इन चुनौतियों को कम कर सकते हैं।आरबीआई ने केंद्रीय बजट 2026-27 में घोषित कई योजनाओं का भी उल्लेख किया, जिनसे कृषि क्षेत्र को गति मिलने की उम्मीद है। इनमें फसल विविधीकरण, उच्च मूल्य वाली फसलों को बढ़ावा, मत्स्य पालन और जलीय कृषि को व्यावसायिक रूप से मजबूत बनाना तथा खेती में तकनीक के व्यापक उपयोग जैसी पहलें शामिल हैं।
रिपोर्ट में भारत-विस्तार (Bharat-VISTAAR) नामक प्रस्तावित बहुभाषी डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी जिक्र किया गया है। यह प्लेटफॉर्म डिजिटल कृषि ढांचे को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित सलाह प्रणाली से जोड़ेगा, जिससे किसानों को बेहतर जानकारी और मार्गदर्शन मिल सकेगा। आरबीआई का मानना है कि, ये सभी कदम कृषि और इससे जुड़े क्षेत्रों में मजबूत और टिकाऊ विकास को बढ़ावा देंगे। हालांकि बैंक ने यह भी कहा कि पश्चिम एशिया में लंबे समय तक जारी संघर्ष देश की समग्र आर्थिक वृद्धि पर भी असर डाल सकता है।

















