भारत के साथ कपड़ा क्षेत्र में साझेदारी बढ़ाएगा रूस, ऊन और फैब्रिक के संयुक्त प्रोजेक्ट पर फोकस

नई दिल्ली : रूस ने भारत के साथ कपड़ा एवं वस्त्र उद्योग में सहयोग को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की इच्छा जताई है।दोनों देश पारंपरिक व्यापारिक क्षेत्रों से आगे बढ़कर ऊन, फैब्रिक और टेक्सटाइल उत्पादन में संयुक्त परियोजनाएं शुरू करने की दिशा में काम कर रहे हैं। इसके तहत रूस भारतीय साझेदारों के साथ मिलकर ऊन और फैब्रिक निर्माण की संयुक्त परियोजनाएं शुरू करने की तैयारी कर रहा है।

भारत टेक्स 2026 (Bharat Tex 2026) के दौरान मीडिया से बातचीत में रूस के व्यापार प्रतिनिधित्व मंत्रालय में जीआर एवं वित्त क्षेत्र की प्रमुख ज़्लाटा अंतुशेवा ने कहा कि, यह प्रदर्शनी दोनों देशों के बीच टेक्सटाइल और लाइट इंडस्ट्री में सहयोग बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच बन रही है। उन्होंने बताया कि, भारत और रूस के बीच मौजूदा द्विपक्षीय व्यापार लगभग 70 अरब अमेरिकी डॉलर का है और दोनों देशों के नेताओं ने इसे बढ़ाकर 100 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

ज़्लाटा अंतुशेवा ने कहा कि, इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्राकृतिक संसाधनों पर आधारित व्यापार से आगे बढ़ते हुए टेक्सटाइल, धातु उद्योग, कृषि, रसायन और फार्मास्यूटिकल्स जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि, रूस के काल्मिकिया (Kalmykia) क्षेत्र का प्रतिनिधिमंडल पंजाब, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश और गुजरात सहित कई भारतीय राज्यों के साथ बैठकें कर रहा है। इसके अलावा विभिन्न उत्पादन इकाइयों का दौरा कर निवेश और व्यापार की संभावनाओं का भी आकलन किया जा रहा है।

रूस और भारत की बंसल कंपनी के बीच एक संयुक्त टेक्सटाइल परियोजना पर काम चल रहा है। इस परियोजना के तहत रूस के काल्मिकिया क्षेत्र से उच्च गुणवत्ता वाली ऊन भारत लाई जाएगी, जहां उससे विभिन्न प्रकार के फैब्रिक तैयार किए जाएंगे। अंतुशेवा ने बताया कि, इस साझेदारी के तहत वर्दियों के लिए कपड़े, सामान्य उपयोग के फैब्रिक और प्रीमियम कैशमीर परिधानों का भी उत्पादन किया जाएगा। इस परियोजना को औपचारिक रूप से 9 से 11 सितंबर के बीच नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होने वाले इनोप्रोम (Innoprom) कार्यक्रम में प्रस्तुत किया जाएगा। इस आयोजन को भारत के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय और रूस के उद्योग एवं व्यापार मंत्रालय का समर्थन प्राप्त है।

काल्मिकिया सरकार के उपाध्यक्ष सनाल कोडझाएव ने कहा कि, उनका क्षेत्र भेड़ पालन और उच्च गुणवत्ता वाली ऊन के उत्पादन के लिए प्रसिद्ध है। उन्होंने कहा कि भारत टेक्स 2026 भारत और रूस के बीच दीर्घकालिक टेक्सटाइल सहयोग की मजबूत शुरुआत साबित होगा। उन्होंने कहा कि, रूस भारतीय साझेदारों को ऊन की आपूर्ति करने और दोनों देशों के बीच कपड़ा उद्योग में दीर्घकालिक सहयोग विकसित करने का इच्छुक है। इससे भारत और रूस के आर्थिक संबंधों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here