दक्षिण कोरिया: एसकेकेयू के वैज्ञानिकों ने बिजली की मदद से CO2 को एथेनॉल में बदलने वाला उत्प्रेरक किया विकसित

सियोल: दक्षिण कोरिया के सुंगक्युनक्वान विश्वविद्यालय (एसकेकेयू) के रसायन विज्ञान विभाग के प्रोफेसर ह्योयंग ली के नेतृत्व में शोधकर्ताओं की एक टीम ने ऐसा उत्प्रेरक (कैटेलिस्ट) विकसित किया है, जो कार्बन डाइऑक्साइड (CO2) को उच्च चयनात्मकता के साथ एथेनॉल में परिवर्तित कर सकता है। कार्बन डाइऑक्साइड एक प्रमुख ग्रीनहाउस गैस है, लेकिन इसे ईंधन और अन्य उपयोगी रसायनों के उत्पादन के लिए कार्बन स्रोत के रूप में भी इस्तेमाल किया जा सकता है। एथेनॉल का व्यापक उपयोग नवीकरणीय ईंधन, सॉल्वेंट, कीटाणुनाशक और औद्योगिक कच्चे माल के रूप में किया जाता है।

मौजूदा CO2 रूपांतरण प्रणालियों की सबसे बड़ी चुनौती यह है कि, एथेनॉल के साथ कई अवांछित उत्पाद भी बन जाते हैं। इससे पृथक्करण और शुद्धिकरण की प्रक्रिया जटिल हो जाती है और अधिक ऊर्जा की आवश्यकता पड़ती है।एसकेकेयू की टीम ने इस चुनौती का समाधान ऐसा उत्प्रेरक विकसित करके किया, जिसमें तांबा (कॉपर) और जस्ता (जिंक) के परमाणुओं को कार्बन आधार (कार्बन सपोर्ट) पर एक-दूसरे के निकट स्थापित किया गया है। ये दोनों धातुएं प्रतिक्रिया प्रक्रिया में अलग-अलग लेकिन एक-दूसरे की पूरक भूमिका निभाती हैं। जिंक महत्वपूर्ण प्रतिक्रिया मध्यवर्ती (इंटरमीडिएट) तैयार करने में मदद करता है, जबकि कॉपर एथेनॉल बनाने के लिए आवश्यक कार्बन-कार्बन (C–C) बंधों के निर्माण को बढ़ावा देता है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

शोधकर्ताओं ने पाया कि, इस विशेष संरचना से प्रतिक्रिया मुख्य रूप से एथेनॉल की दिशा में आगे बढ़ती है और अन्य प्रतिस्पर्धी उत्पादों का निर्माण काफी कम हो जाता है। इस उत्प्रेरक ने मेम्ब्रेन इलेक्ट्रोड असेंबली (MEA) प्रणाली में 69 प्रतिशत फैराडाइक दक्षता के साथ एथेनॉल उत्पादन दर्ज किया। परिणामों में एथेनॉल के प्रति उच्च चयनात्मकता के साथ-साथ संचालन के दौरान अच्छी स्थिरता भी देखने को मिली।

यह अध्ययन परमाणु स्तर पर रासायनिक प्रतिक्रियाओं को नियंत्रित करके उत्प्रेरकों के डिजाइन की एक नई दिशा प्रस्तुत करता है। शोधकर्ताओं ने कहा कि इस तकनीक को भविष्य में पकड़ी गई CO2 को तरल ईंधन और रासायनिक कच्चे माल में बदलने के लिए व्यावहारिक रूप से उपयोग करने हेतु करंट घनत्व, ऊर्जा दक्षता, उत्पाद सांद्रता और दीर्घकालिक संचालन क्षमता में और सुधार की आवश्यकता होगी।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here