कोलंबो : श्रीलंका में बीयर निर्माण में चावल और चीनी को मुख्य कच्चे माल के रूप में इस्तेमाल करने की अनुमति रोकने की मांग को लेकर अपील अदालत में एक रिट याचिका दायर की गई है। यह याचिका लाइसेंस प्राप्त शराब विक्रेताओं के एक समूह द्वारा दायर की गई है। इसमें आबकारी आयुक्त जनरल, आबकारी विभाग के अधिकारी, श्रीलंका मानक संस्थान, अटॉर्नी जनरल, पुलिस महानिरीक्षक सहित कई अधिकारियों को प्रतिवादी बनाया गया है। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि, आबकारी अधिनियम की धारा 2 के अनुसार “बीयर” को माल्ट से तैयार किए गए किण्वित मादक पेय के रूप में परिभाषित किया गया है। हालांकि उनका आरोप है कि वर्तमान में अधिकांश निर्माता बीयर उत्पादन में चावल और चीनी का मुख्य रूप से इस्तेमाल कर रहे हैं, जो आबकारी कानून के प्रावधानों के खिलाफ है।
याचिका में यह भी कहा गया है कि, सरकारी सब्सिडी से उत्पादित चावल को बीयर जैसे व्यावसायिक उद्योगों में इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था पर नकारात्मक असर पड़ रहा है। याचिकाकर्ताओं ने दावा किया कि इस वजह से श्रीलंका के लिए चावल उत्पादन में आत्मनिर्भरता हासिल करना मुश्किल हो सकता है। इसके अलावा उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि श्रीलंका मानक संस्थान ने शराब उत्पादन मानकों की निगरानी के लिए अपने नियामक ढांचे को मौजूदा जरूरतों के अनुसार अपडेट नहीं किया है। इसी आधार पर अपील अदालत से मांग की गई है कि आबकारी आयुक्त जनरल और अन्य संबंधित अधिकारियों को बीयर उत्पादन में चावल और चीनी को मुख्य सामग्री के रूप में मंजूरी देने से रोका जाए।


















