फगवाड़ा: भारतीय किसान यूनियन (दोआबा) के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में पंजाब के कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां से मुलाकात की। यूनियन के अध्यक्ष मनजीत सिंह राय के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने फगवाड़ा स्थित गोल्डन संधार शुगर मिल पर किसानों के बकाया गन्ना भुगतान का मुद्दा उठाया। इस दौरान राज्य सरकार ने यूनियन को आश्वासन दिया कि, मिल की जमीन बेचकर किसानों का 27.84 करोड़ रुपये का बकाया भुगतान किया जाएगा। द ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, सरकार ने बकाया राशि जल्द जारी करने का भरोसा दिया है।
चीनी मिल की जमीन बेचकर किया जाएगा किसानों का भुगतान
मनजीत सिंह राय ने बताया कि, सरकारी प्रतिनिधियों ने प्रतिनिधिमंडल को जानकारी दी है कि गोल्डन संधार शुगर मिल परिसर के भीतर स्थित 10 कनाल जमीन बेचकर बकाया भुगतान के लिए राशि जुटाई जाएगी। उन्होंने बताया कि, कपूरथला के डिप्टी कमिश्नर (डीसी) को जमीन बिक्री की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।इसके अलावा चीनी मिल द्वारा उत्पादित बिजली की बिक्री से प्राप्त होने वाली आय भी सीधे किसानों के बैंक खातों में जमा कराई जाएगी, ताकि उनके लंबित गन्ना भुगतान का निपटारा किया जा सके।
2025-26 सीजन की सब्सिडी के 18.93 करोड़ रुपये भी बकाया
बैठक के दौरान किसानों ने 2025-26 के पेराई सीजन से संबंधित एक अन्य महत्वपूर्ण मुद्दा भी उठाया।राज्य सरकार की ओर से गन्ने पर 68.50 रुपये प्रति क्विंटल की सब्सिडी के तहत 18.93 करोड़ रुपये की राशि अभी भी बकाया है।मनजीत सिंह राय के अनुसार, मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि अगले 10 दिनों के बाद किसानों के बैंक खातों में भुगतान पहुंचना शुरू हो जाएगा।
गोल्डन संधार शुगर मिल को सरकार अपने नियंत्रण में ले: संघठन की मांग
भारतीय किसान यूनियन (दोआबा) के नेताओं ने पंजाब सरकार से गोल्डन संधार शुगर मिल को अपने नियंत्रण में लेने की मांग भी उठाई। यूनियन ने मांग की कि सरकार मिल का संचालन अपने हाथों में लेकर मौजूदा 2026-27 पेराई सीजन के दौरान इसका संचालन सुनिश्चित करे, ताकि किसानों को गन्ना बेचने और भुगतान प्राप्त करने में किसी तरह की परेशानी न हो।मनजीत सिंह राय ने बताया कि सरकारी प्रतिनिधियों ने इस प्रस्ताव पर सहमति जताई है।
बैठक को सकारात्मक बताते हुए आगे की रणनीति बनाएगी यूनियन
मनजीत सिंह राय ने बैठक को सकारात्मक और रचनात्मक बताते हुए कहा कि, सरकार ने किसानों के लंबित भुगतान को चुकाने और चीनी मिल का भविष्य में संचालन सुनिश्चित करने को लेकर भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि यूनियन जल्द ही एक बैठक आयोजित करेगी। इसमें सरकार की ओर से दिए गए आश्वासनों की समीक्षा की जाएगी और बकाया भुगतान तथा चीनी मिल के संचालन को लेकर आगे की रणनीति तय की जाएगी। किसान संगठन की इस पहल से गोल्डन संधार शुगर मिल से जुड़े गन्ना किसानों को उनके लंबे समय से लंबित भुगतान मिलने की उम्मीद जगी है। अब सभी की नजरें सरकार द्वारा दिए गए आश्वासनों पर अमल और भुगतान प्रक्रिया शुरू होने पर टिकी हैं।


















