बागपत (उत्तर प्रदेश): सहकारी चीनी मिल रमाला ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए गन्ना भुगतान की राशि जारी कर दी है। मिल प्रशासन की ओर से लगभग 36 करोड़ रुपये किसानों के खातों में भेजे गए हैं। मिल के महाप्रबंधक गौविद मौर्य ने ‘हिंदुस्तान’ को बताया कि, यह भुगतान 6 फरवरी 2026 तक की गन्ना आपूर्ति के सापेक्ष किया गया है। उन्होंने कहा कि, किसानों का बकाया भुगतान चरणबद्ध तरीके से जारी किया जा रहा है और शेष राशि भी जल्द ही दी जाएगी।
गौरतलब है कि, दो दिन पहले रमाला मिल के उपसभापति जयदेव सिंह ने लखनऊ में गन्ना विभाग की प्रबंध निदेशक ईशा दूहण से मुलाकात कर किसानों के भुगतान का मुद्दा उठाया था। उन्होंने मिल क्षेत्र के किसानों की समस्याओं से अवगत कराते हुए जल्द भुगतान की मांग की थी। इस पहल के तहत गुरुवार को ही 36 करोड़ रुपये का भुगतान जारी कर दिया गया। लंबे समय से भुगतान का इंतजार कर रहे किसानों को इससे काफी राहत मिली है। मिल प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए शेष गन्ना भुगतान भी जल्द किया जाएगा, ताकि उन्हें किसी प्रकार की आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।

















