चीनी की कीमतों में लगातार तेजी, उद्योग ने केंद्र सरकार से अतिरिक्त कदम उठाने की मांग की

पुणे: चीनी उद्योग ने केंद्र सरकार से चीनी की कीमतों में लगातार हो रही तेज बढ़ोतरी को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त कदम उठाने की मांग की है। उद्योग का कहना है कि, हाल ही में व्यापारियों पर लगाए गए स्टॉक प्रतिबंध से केवल अस्थायी राहत मिली है और बाजार में कीमतें अब भी मजबूत बनी हुई हैं। द इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले एक सप्ताह में चीनी की कीमतों में 4.3 प्रतिशत और पिछले एक महीने में लगभग 17 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। इस तेजी से उद्योग जगत में चिंता बढ़ गई है। देशभर में चीनी का औसत थोक मूल्य 3,960 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़कर 4,620 रुपये प्रति क्विंटल हो गया है।

स्टॉक सीमा का असर सीमित, बाजार में मजबूती बरकरार

ChiniMandi WhatsApp Channel

सरकार ने चीनी की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचती कीमतों को नियंत्रित करने के लिए 28 जुलाई से चीनी व्यापारियों पर स्टॉक सीमा लागू की थी। हालांकि, इस कदम से कुछ समय के लिए कीमतों में नरमी आई, लेकिन बाजार जल्द ही फिर मजबूत हो गया।उद्योग प्रतिनिधियों का कहना है कि, यह तेजी बाजार की बदलती परिस्थितियों का परिणाम है। भारत ने 13 मई तक चीनी निर्यात की अनुमति दी थी, क्योंकि उस समय घरेलू आपूर्ति पर्याप्त थी और कीमतें अपेक्षाकृत कम थीं। लेकिन उत्पादन में कमी और आने वाले दो पेराई सीजन में एल नीनो के कारण गन्ना उत्पादन प्रभावित होने की आशंका ने कीमतों को ऊपर धकेल दिया है।

अगस्त का बिक्री कोटा पिछले वर्ष के बराबर

केंद्र सरकार चीनी मिलों के लिए मासिक बिक्री कोटा तय करके घरेलू चीनी बिक्री को नियंत्रित करती है। सरकार ने अगस्त 2026 के लिए 22.5 लाख टन (2.25 मिलियन टन) का बिक्री कोटा निर्धारित किया है, जो पिछले वर्ष अगस्त के कोटे के बराबर है।उद्योग अधिकारियों का मानना है कि यदि चीनी की कीमतों में तेजी जारी रहती है, तो सरकार बाजार पर करीबी नजर रखेगी और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त नियंत्रण उपायों की घोषणा कर सकती है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here