नई दिल्ली : इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ISMA) का अनुमान है कि, मौजूदा चीनी सीजन के बाकी समय में घरेलू बाजार में चीनी की कीमतें बड़े स्तर पर स्थिर रह सकती हैं। उद्योग संगठन के अनुसार, देश में चीनी का पर्याप्त स्टॉक और आपूर्ति उपलब्ध है। चीनी की कीमतों में हालिया उतार-चढ़ाव अब कम हो गया है। ISMA की ओर से सरकार को देश में पर्याप्त चीनी उपलब्ध होने का भरोसा दिलाए जाने के बाद बाजार में स्थिरता देखने को मिली है। महाराष्ट्र में चीनी की कीमतें इस महीने की शुरुआत में तेजी के बाद अब घटकर करीब ₹43 से ₹43.50 प्रति किलो के आसपास आ गई हैं। ISMA के महानिदेशक दीपक बल्लानी ने ‘सीएनबीसी टीवी18’ के साथ बातचीत में कहा कि, मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए सीजन के बाकी समय में चीनी की कीमतें करीब ₹43-44 प्रति किलो के स्तर पर रहने की संभावना है।
40-42 लाख टन का क्लोजिंग स्टॉक रहने का अनुमान…
उद्योग संगठन के मुताबिक, मौजूदा चीनी सीजन के अंत तक देश में करीब 40-42 लाख टन चीनी का अंतिम स्टॉक बचने की उम्मीद है। इस सीजन में घरेलू खपत लगभग 280 लाख टन और निर्यात करीब 8 लाख टन रहने का अनुमान है। अगले पेराई सीजन की शुरुआत भी अनुकूल मौसम की स्थिति रहने पर सामान्य से कुछ पहले की जा सकती है। यदि पेराई जल्द शुरू होती है तो अक्टूबर के तीसरे सप्ताह तक बाजार में नई चीनी की आपूर्ति शुरू हो सकती है, जिससे उपलब्धता और मजबूत होगी।
चीनी मिलों के स्टॉक का होगा भौतिक सत्यापन
केंद्र सरकार ने 1 अगस्त से 14 अगस्त के बीच चीनी मिलों में उपलब्ध स्टॉक के भौतिक सत्यापन के निर्देश दिए हैं। इस प्रक्रिया के तहत मिलों द्वारा घोषित स्टॉक का वास्तविक भंडार से मिलान किया जाएगा। साथ ही, GST प्रणाली के माध्यम से बिक्री संबंधी आंकड़ों का भी सत्यापन किया जाएगा। ISMA के अनुसार, इस जांच का उद्देश्य चीनी की कमी का संकेत देना नहीं, बल्कि बाजार में पारदर्शिता बढ़ाना और किसी भी तरह की अटकलों या गलत जानकारी की गुंजाइश को खत्म करना है।
एथेनॉल उत्पादन के लिए 28-29 लाख टन चीनी डायवर्ट होने का अनुमान
ISMA का अनुमान है कि मौजूदा सीजन में करीब 28-29 लाख टन चीनी एथेनॉल उत्पादन के लिए डायवर्ट की जा सकती है। हालांकि, अगले सीजन के चीनी उत्पादन का अनुमान जारी करने में उद्योग संगठन ने फिलहाल सावधानी बरती है। मानसून की स्थिति को लेकर अनिश्चितता के कारण ISMA ने अपना प्रारंभिक उत्पादन अनुमान टाल दिया है। अब जुलाई और अगस्त में हुई बारिश का आकलन करने के बाद सितंबर के पहले सप्ताह में प्रारंभिक उत्पादन अनुमान जारी करने की योजना है।


















