नई दिल्ली: देश में 2026-27 का चीनी पेराई सीजन लगातार गति पकड़ रहा है। भारतीय चीनी एवं जैव-ऊर्जा निर्माता संघ (ISMA) की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 15 नवंबर 2026 तक देशभर में 313 चीनी मिलों ने गन्ना पेराई शुरू कर दी है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 311 मिलें चालू थीं। ISMA के महानिदेशक दीपक बल्लानी ने कहा कि, चालू सीजन में अब तक 23.59 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह आंकड़ा 11.49 लाख टन था। उत्पादन में इस बढ़ोतरी का प्रमुख कारण महाराष्ट्र में गन्ना पेराई का समय से पहले शुरू होना है। राज्य में इस साल 154 मिलों ने परिचालन शुरू किया है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 132 मिलें चालू थीं।
उन्होंने कहा कि, उत्तर प्रदेश और कर्नाटक में भी गन्ना पेराई की गतिविधियां धीरे-धीरे तेज हो रही हैं। आने वाले दिनों में इन राज्यों की और मिलें शुरू होने की उम्मीद है, जिससे देश के प्रमुख चीनी उत्पादक राज्यों में पेराई की गति और बढ़ेगी। बल्लानी के अनुसार, देशभर में चीनी का नया उत्पादन बाजार में पहुंचने से घरेलू उपलब्धता संतोषजनक बनी हुई है। उद्योग घरेलू खपत की जरूरतों को पूरा करने और बाजार में पर्याप्त आपूर्ति बनाए रखने की स्थिति में है।
NFCSF के आंकड़ों के अनुसार चीनी उत्पादन में 55% वृद्धि
राष्ट्रीय सहकारी चीनी कारखाना महासंघ लिमिटेड (NFCSF) के आंकड़ों के मुताबिक, 15 नवंबर तक देश का चीनी उत्पादन 55 प्रतिशत बढ़कर 24.21 लाख मीट्रिक टन (LMT) हो गया। इस बढ़ोतरी में महाराष्ट्र में समय से पहले और तेज गति से शुरू हुई गन्ना पेराई की प्रमुख भूमिका रही।
महासंघ की राज्यवार पेराई रिपोर्ट के अनुसार, देशभर की मिलों ने अब तक 290.53 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई की है, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि के 200.90 लाख मीट्रिक टन की तुलना में 44.61 प्रतिशत अधिक है। औसत चीनी रिकवरी दर भी पिछले वर्ष के 7.75 प्रतिशत से बढ़कर 8.33 प्रतिशत हो गई है। हालांकि, चालू सीजन में पिछले साल की तुलना में कम मिलें संचालित हो रही हैं। 15 नवंबर तक 314 मिलों में पेराई जारी थी, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 342 मिलें चालू थीं। इस तरह मिलों की संख्या में 28 की कमी यानी 8.19 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
महाराष्ट्र में चीनी उत्पादन में बड़ी बढ़ोतरी
महाराष्ट्र में 15 नवंबर तक 18.75 लाख मीट्रिक टन चीनी का उत्पादन हुआ है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह आंकड़ा 7.95 लाख मीट्रिक टन था। राज्य की 155 मिलों ने 216.76 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई की, जो पिछले सीजन के 103.25 लाख मीट्रिक टन से दोगुने से भी अधिक है। राज्य की औसत चीनी रिकवरी दर 8.65 प्रतिशत रही, जबकि पिछले वर्ष यह 7.70 प्रतिशत थी। पिछले सीजन में इसी समय महाराष्ट्र की 168 मिलें चालू थीं।
उत्तर प्रदेश में पेराई की रफ्तार पिछले साल से धीमी
उत्तर प्रदेश में इस बार गन्ना पेराई और चीनी उत्पादन पिछले साल की तुलना में पीछे चल रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, राज्य की 75 मिलों ने अब तक 17.34 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई कर 1.50 लाख मीट्रिक टन चीनी का उत्पादन किया है।पिछले वर्ष इसी अवधि में 86 मिलों ने 40 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई कर 3.50 लाख मीट्रिक टन चीनी का उत्पादन किया था। राज्य की रिकवरी दर भी पिछले साल के 8.75 प्रतिशत से घटकर 8.65 प्रतिशत रह गई है।
कर्नाटक में 60 मिलों द्वारा 31.43 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई
कर्नाटक में 60 मिलों ने 31.43 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई कर 2.20 लाख मीट्रिक टन चीनी का उत्पादन किया है। यहां रिकवरी दर 7 प्रतिशत रही। पिछले वर्ष इसी अवधि में 65 मिलों ने 34.51 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई कर 2.45 लाख मीट्रिक टन चीनी का उत्पादन किया था। गुजरात की 12 मिलों ने 13.49 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई से 0.85 लाख मीट्रिक टन चीनी का उत्पादन किया। पिछले वर्ष 18.31 लाख मीट्रिक टन गन्ने से 1.30 लाख मीट्रिक टन चीनी का उत्पादन हुआ था।
तमिलनाडु, तेलंगाना और उत्तराखंड में भी पेराई जारी
तमिलनाडु में छह मिलों ने 8.24 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई कर 0.70 लाख मीट्रिक टन चीनी का उत्पादन किया है। पिछले सीजन में चार मिलों ने 0.25 लाख मीट्रिक टन चीनी का उत्पादन किया था। तेलंगाना में अब तक 0.10 लाख मीट्रिक टन और उत्तराखंड में 0.11 लाख मीट्रिक टन चीनी का उत्पादन हुआ है।वहीं, आंध्र प्रदेश, बिहार, हरियाणा, मध्य प्रदेश और पंजाब में अब तक चीनी मिलों ने गन्ना पेराई शुरू नहीं की है।

















