मैसूर : चीनी के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) और गन्ने के लिए उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) की मांग को लेकर शनिवार को मैसूर जिले में दो स्थानों पर गन्ना किसानों ने जोरदार प्रदर्शन किया। डेक्कन हेराल्ड की रिपोर्ट के अनुसार, किसानों ने केंद्र और कर्नाटक सरकार से उनकी मांगों पर तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की।
कर्नाटक राज्य गन्ना उत्पादक संघ के सदस्यों ने मैसूर शहर में मैसूर-ऊटी राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित हुआ। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर लेटकर वाहनों की आवाजाही रोक दी और गन्ना उत्पादकों के हित में केंद्र तथा राज्य सरकार से उचित कदम उठाने की मांग की। इस आंदोलन का नेतृत्व संघ के प्रदेश अध्यक्ष हल्लिकेरेहुंडी भाग्यराज ने किया।
बन्नारी अम्मन चीनी मिल के गोदाम पर लगाया ताला
एक अन्य प्रदर्शन के तहत किसानों ने नंजनगुड तालुक के हलगांची गांव स्थित बन्नारी अम्मन चीनी मिल के बाहर एकत्र होकर विरोध जताया। इस आंदोलन का नेतृत्व राज्य किसान संगठनों के महासंघ और राज्य गन्ना उत्पादक संघ के बैनर तले कुरुबुरु शांतकुमार ने किया। प्रदर्शन के दौरान संघ के सदस्यों ने अपनी नाराजगी जताने और मांगों पर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए चीनी मिल के गोदाम पर ताला लगा दिया। किसानों ने सरकार और संबंधित अधिकारियों से उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई करने की मांग की।

















