नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने पांच राज्यों में सूखा घोषित किया है और अत्यधिक बारिश, बाढ़ या सूखे से करीब 6.11 लाख हेक्टेयर फसल क्षेत्र प्रभावित होने का आकलन किया है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह जानकारी दी। द न्यू इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, चौहान ने नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन–रबी अभियान 2026 में यह बात कही। चौहान ने कर्नाटक, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों, तेलंगाना और राजस्थान में सूखे की स्थिति पर चिंता जताई। कृषि मंत्री ने बताया कि, कर्नाटक और महाराष्ट्र में केंद्रीय टीमें स्थिति का आकलन करेंगी। एक केंद्रीय टीम 3 अक्टूबर को कर्नाटक का दौरा करेगी, जबकि महाराष्ट्र सरकार के अनुरोध के बाद वहां भी एक केंद्रीय टीम भेजी जाएगी। चौहान ने कहा कि, वह स्वयं भी प्रभावित राज्यों का दौरा कर स्थिति का जायजा लेंगे।
सूखे की स्थिति अल नीनो और मानसूनी बारिश के असमान वितरण को लेकर बनी चिंताओं के बीच सामने आई है। मानसून सीजन के अंत तक भारत में बारिश में करीब 12.3 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई, जबकि कुल खरीफ बुवाई क्षेत्र में लगभग 1 प्रतिशत की गिरावट आई है। धान का रकबा 16.32 लाख हेक्टेयर घटा है, जबकि मक्का और कपास के रकबे में भी कमी आई है। वहीं, बाजरा, उड़द और सूरजमुखी जैसी फसलों के रकबे में बढ़ोतरी हुई है।चौहान ने कहा कि, तत्काल प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि कृषि भूमि बिना खेती के न रहे। केंद्र सरकार राज्यों को ऐसी फसलों के बीज और किस्मों की पहचान करने में मदद करेगी, जिन्हें कम पानी की जरूरत होती है, जो कम अवधि में तैयार हो जाती हैं और स्थानीय मिट्टी तथा मौसम की परिस्थितियों के अनुकूल होती हैं।
उन्होंने कहा कि, सूखे की स्थिति के बावजूद किसानों को खेती जारी रखने में केंद्र सरकार सहयोग करेगी। राज्यों से कहा गया है कि आगामी रबी सीजन की योजना बनाते समय पानी की उपलब्धता और मिट्टी में नमी को ध्यान में रखा जाए। साथ ही, पानी की कमी वाले क्षेत्रों में कम पानी की जरूरत वाली फसलों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया है।वर्ष 2026-27 के लिए सरकार ने खाद्यान्न उत्पादन का लक्ष्य 373.93 मिलियन टन तय किया है, जबकि वर्ष 2025-26 में अनुमानित उत्पादन 376.56 मिलियन टन था। रबी उत्पादन का लक्ष्य 177.72 मिलियन टन रखा गया है, जबकि 2025-26 में यह 174.51 मिलियन टन था। मिट्टी में नमी और पानी की उपलब्धता को लेकर चिंताओं के बीच रबी बुवाई को प्रोत्साहित करने के लिए चौहान ने ‘खेत बचाओ अभियान’ की भी घोषणा की। इस अभियान के तहत किसानों के बीच संतुलित उर्वरक उपयोग और गुणवत्तापूर्ण बीजों के इस्तेमाल को बढ़ावा दिया जाएगा।चौहान किसानों को विभिन्न मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) से मिलने वाले संभावित लाभों के बारे में प्रधानमंत्री का संदेश भी पहुंचाएंगे।

















