नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने कच्ची चीनी (रॉ शुगर) के 10 लाख मीट्रिक टन शुल्क-मुक्त आयात की समयसीमा तीन महीने बढ़ाकर 31 मार्च 2027 कर दी है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने 25 नवंबर 2026 को अधिसूचना संख्या 51/2026-27 जारी कर आयात नीति में यह संशोधन किया है।
टैरिफ रेट कोटा के तहत मिलेगा शुल्क-मुक्त आयात का लाभ
डीजीएफटी की अधिसूचना के अनुसार, आईटीसी (एचएस), 2022 की अनुसूची-1 (आयात नीति) के अध्याय 17 के एक्सिम कोड 170114 के अंतर्गत आने वाली कच्ची चीनी के आयात की नीति शर्तों में बदलाव किया गया है।पहले टैरिफ रेट कोटा (टीआरक्यू) के तहत 10 लाख मीट्रिक टन कच्ची चीनी के शुल्क-मुक्त आयात की अनुमति 31 दिसंबर 2026 तक थी। अब इसकी वैधता बढ़ाकर 31 मार्च 2027 कर दी गई है।
आयात नीति की शर्तों में संशोधन
विदेश व्यापार (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1992 की धारा 3 और 5 तथा विदेश व्यापार नीति 2023 के पैराग्राफ 1.02 और 2.01 के तहत प्राप्त अधिकारों का उपयोग करते हुए केंद्र सरकार ने यह संशोधन किया है। यह अधिसूचना 20 अगस्त 2026 को जारी अधिसूचना संख्या 31/2025-26 और 19 अक्टूबर 2026 को जारी अधिसूचना संख्या 45/2025-26 के क्रम में जारी की गई है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि 20 अगस्त 2026 की अधिसूचना संख्या 31/2025-26 में समय-समय पर किए गए संशोधनों सहित अन्य सभी नियम और शर्तें पहले की तरह लागू रहेंगी।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री की मंजूरी से जारी अधिसूचना
डीजीएफटी की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि टीआरक्यू के तहत 10 लाख मीट्रिक टन कच्ची चीनी के शुल्क-मुक्त आयात की समयसीमा 31 दिसंबर 2026 से बढ़ाकर 31 मार्च 2027 कर दी गई है।यह अधिसूचना केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री की मंजूरी से जारी की गई है। इस पर विदेश व्यापार महानिदेशक एवं भारत सरकार के पदेन अतिरिक्त सचिव लव अग्रवाल के हस्ताक्षर हैं।


















