लाहौर: पाकिस्तान शुगर मिल्स एसोसिएशन (पीएसएमए) ने सरकार से अतिरिक्त चीनी के निर्यात की अनुमति देने की मांग की है। एसोसिएशन ने इस संबंध में उप प्रधानमंत्री सीनेटर इशाक डार और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं अनुसंधान मंत्री राणा तनवीर हुसैन को पत्र लिखकर जल्द अनुमति देने का अनुरोध किया है। एसोसिएशन के अनुसार, 15 जुलाई 2026 तक पाकिस्तान में 34 लाख मीट्रिक टन चीनी का स्टॉक उपलब्ध है। इन आंकड़ों का मिलान फेडरल बोर्ड ऑफ रेवेन्यू (एफबीआर) और चीनी उद्योग द्वारा किया जा चुका है। पाकिस्तान में चीनी की औसत मासिक खपत 5,67,426 टन है, जिसके आधार पर 15 नवंबर को शुरू होने वाले नए पेराई सत्र तक लगभग 11.58 लाख टन अतिरिक्त चीनी बचने का अनुमान है।
अगले सीजन में रिकॉर्ड गन्ना उत्पादन की उम्मीद
एसोसिएशन ने कहा कि, 2026-27 पेराई सत्र में गन्ने की बंपर फसल आने की संभावना है और चीनी उत्पादन लगभग 80 लाख टन तक पहुंच सकता है, जो घरेलू खपत से काफी अधिक होगा। एसोसिएशन ने पत्र में कहा कि, सितंबर में शुरू होने वाले गन्ना बुवाई सीजन से पहले किसानों में अनिश्चितता बढ़ रही है। किसानों को आशंका है कि मिलों में पहले से मौजूद बड़ी मात्रा में अतिरिक्त चीनी के कारण चीनी मिलें अगली फसल की खरीद या बेहतर गन्ना मूल्य देने में सक्षम नहीं होंगी। पिछले दो वर्षों में प्रति एकड़ उत्पादन और गन्ने में चीनी की मात्रा (रिकवरी) दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। समय पर भुगतान और बेहतर किस्मों को बढ़ावा देने के कारण किसानों ने अधिक उत्पादन किया है।
निर्यात नहीं हुआ तो घट सकता है उत्पादन
एसोसिएशन के अनुसार, यदि वर्तमान अतिरिक्त चीनी का निर्यात नहीं किया गया, तो किसानों को अगली फसल लगाने के लिए पर्याप्त प्रोत्साहन नहीं मिलेगा। इससे आने वाले वर्षों में गन्ना खेती और चीनी उत्पादन में गिरावट आ सकती है और अंततः पाकिस्तान को विदेशी मुद्रा खर्च कर चीनी आयात करनी पड़ सकती है। पीएसएमए ने बताया कि, चीनी उद्योग इस समय बड़े भंडार और कमजोर मांग की समस्या से जूझ रहा है। बाजार में चीनी की कीमत उत्पादन लागत से कम है, जबकि गन्ने और अन्य कृषि इनपुट की लागत लगातार बढ़ रही है। बड़ी मात्रा में चीनी बिक न पाने के कारण मिलों को बैंक ऋण चुकाने और नकदी प्रवाह बनाए रखने में कठिनाई हो रही है। एसोसिएशन ने सरकार से तत्काल 5,85,000 टन अतिरिक्त चीनी के निर्यात की अनुमति देने की मांग की है।


















