मेरठ: दि गंगा किसान चीनी मिल, मोरना में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) के कार्यकर्ताओं और किसानों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में किसान और संगठन के पदाधिकारी मिल परिसर में एकत्र हुए तथा अपनी मांगों को लेकर मिल प्रबंधन के खिलाफ आवाज उठाई। भाकियू टिकैत के ब्लॉक अध्यक्ष अनुज राठी ने खाद गोदाम कर्मचारियों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए।
धरने के दौरान किसानों ने मिल प्रबंधक को ज्ञापन सौंपते हुए कई मांगें रखीं। किसानों ने कहा कि, गन्ना मिल विकास समिति की ओर से मिलने वाली दवाइयों पर सब्सिडी तत्काल उपलब्ध कराई जाए। साथ ही, पिछले वर्ष की तरह किसानों का गन्ना सट्टा यथावत रखा जाए। किसानों की गन्ना फसल पर कीट एवं रोग नियंत्रण के लिए मिल प्रबंधन द्वारा टैंकरों से स्प्रे की व्यवस्था करने की भी मांग की गई। इसके अलावा खाद एवं दवाइयों की खरीद सीमा बढ़ाने, कृषि यंत्रों पर समय पर सब्सिडी देने तथा स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग भी उठाई गई।
किसानों के अनुसार, मिल में एक ही गांव के दो दर्जन से अधिक लोगों को नौकरी दी गई है, जबकि क्षेत्र के सभी गांवों के युवाओं को समान अवसर मिलना चाहिए। किसानों ने कहा कि जब सभी गांवों के किसान अपना गन्ना मोरना मिल को आपूर्ति करते हैं, तो रोजगार के अवसर भी समान रूप से वितरित होने चाहिए। धरने के दौरान मिल प्रबंधक बी.पी. पांडेय ने कर्मचारियों को किसानों के साथ सम्मानजनक और बेहतर व्यवहार करने के निर्देश दिए। इसके बाद किसानों का आक्रोश शांत हुआ। इस अवसर पर श्यामवीर, रवींद्र कैप्टन, मोंटी राठी, संजीव तोमर, अजय चौधरी, धर्मेंद्र, दिलशाद, विनय त्यागी, अरुण, किशोर सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे। मिल प्रबंधक बी.पी. पांडेय ने कहा कि, जांच में जो भी कर्मचारी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कर्मचारियों और अधिकारियों को अपने व्यवहार और कार्यशैली में पारदर्शिता एवं अनुशासन बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

















