महाराष्ट्र: गन्ना परिवहनक ठेकेदारों के नाम पर करोड़ों के लोन उठाने का चीनी मिलों पर आरोप

मुंबई: महाराष्ट्र में केंद्र सरकार की ‘मुद्रा’ ऋण योजना के तहत कई चीनी मिलों पर बड़े आर्थिक घोटाले के आरोप लगे हैं। आरोप है कि गन्ना परिवहन ठेकेदारों (ट्रांसपोर्टरों) के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर उनके नाम पर दूसरे राज्य की बैंकों से लाखों रुपये के ऋण स्वीकृत कराए गए। यह दावा मराठी समाचार चैनल ‘साम टिव्ही’ की जांच के आधार पर ‘सरकारनामा’ में प्रकाशित रिपोर्ट में किया गया है।

महाराष्ट्र में करीब 1.25 लाख गन्ना परिवहन ठेकेदार विभिन्न चीनी मिलों के लिए काम करते हैं। आरोप है कि, टेंडर प्रक्रिया के दौरान जमा कराए गए पैन कार्ड, बैंक पासबुक और अन्य दस्तावेजों का इस्तेमाल कर कर्नाटक की राष्ट्रीयकृत बैंकों से परिवहन ठेकेदारों के नाम पर 6 लाख से 35 लाख रुपये तक के ऋण स्वीकृत कराए गए। इस कथित मामले से राज्य के लगभग 40 हजार परिवहनकर्ता प्रभावित हुए हैं और उनके सिबिल (CIBIL) स्कोर पर भी नकारात्मक असर पड़ा है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

कैसे सामने आया मामला?

मामले का खुलासा तब हुआ जब कई परिवहन ठेकेदार अपनी जरूरत के लिए नया ऋण लेने बैंक पहुंचे। बैंक अधिकारियों ने उन्हें बताया कि, उनके नाम पर पहले से ही बड़े ऋण लंबित हैं। इसके बाद जब उन्होंने जांच-पड़ताल की, तो आशंका जताई गई कि जिन चीनी मिलों के लिए वे काम कर रहे थे, उन्हीं से जुड़े दस्तावेजों का उपयोग कर उनके नाम पर ये ऋण लिए गए।

हजारों करोड़ रुपये के कथित घोटाले का दावा…

इस पूरे मामले में 1,000 से 1,500 करोड़ रुपये के आर्थिक घोटाले का दावा किया जा रहा है। प्रभावित परिवहनकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा निर्दोष लोगों को न्याय दिलाने की मांग महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से की है।बड़ी संख्या में गन्ना परिवहन ठेकेदारों के प्रभावित होने के कारण यह मामला काफी गंभीर माना जा रहा है। हालांकि, इस पूरे प्रकरण की वास्तविकता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here