नई दिल्ली : कच्चे तेल की कमी और विदेशी मुद्रा के बढ़ते खर्च को देखते हुए केंद्र सरकार ऊर्जा संकट से निपटने के लिए लगातार बड़े कदम उठा रही है। द फ्री प्रेस जर्नल में प्रकाशित खबर के अनुसार, इसी कड़ी में अब देशभर में अगले दो वर्षों के भीतर E100 फ्यूल के 5,000 स्टेशन स्थापित करने की योजना बनाई गई है, ताकि पेट्रोल और डीजल की खपत कम की जा सके। रिपोर्ट के अनुसार, पहले चरण में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय दिल्ली, मुंबई, पुणे और नागपुर जैसे शहरों में E100 फ्यूल के 150 स्टेशन शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इसके बाद अगले 6 से 12 महीनों में बेंगलुरु, चेन्नई, कोलकाता और हैदराबाद समेत दिल्ली-एनसीआर और महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में भी E100 फ्यूल इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार किया जाएगा। इस अवधि में करीब 500 नए रिटेल आउटलेट शुरू किए जाएंगे।
सरकार की योजना है कि अगले 24 महीनों के भीतर देशभर में कुल E100 फ्यूल के 5,000 स्टेशन चालू हो जाएं।भारत ने पिछले वित्त वर्ष में लगभग 10.9 लाख करोड़ रुपये का कच्चा तेल आयात किया था। हाल ही में सरकार ने देश के सभी पेट्रोल पंपों पर E20 ईंधन की बिक्री अनिवार्य की है। विशेषज्ञों का मानना है कि, E100 फ्यूल की ओर बढ़ने से भारत का आयात बिल काफी हद तक कम हो सकता है। हालांकि ऑटोमोबाइल उद्योग ने सरकार से मांग की है कि E100 ईंधन की कीमत सामान्य पेट्रोल की तुलना में लगभग 30 प्रतिशत कम रखी जाए, क्योंकि इसकी फ्यूल एफिशिएंसी अपेाकृत कम होती है।
E100 ऐसा ईंधन है जिसमें लगभग पूरी तरह एथेनॉल का उपयोग होता है। वर्तमान में देश के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर प्रति लीटर ईंधन में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार पहली बार ऑटोमोबाइल कंपनियों और ऑयल मार्केटिंग कंपनियों सहित विभिन्न हितधारकों के साथ मिलकर देश में E100 फ्यूल इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने के रोडमैप पर चर्चा कर रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, देश की प्रमुख कार और दोपहिया वाहन निर्माता कंपनियों ने फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों के प्रोटोटाइप तैयार कर लिए हैं। हालांकि पर्याप्त इंफ्रास्ट्रक्चर और स्पष्ट नियमों की कमी के कारण इन वाहनों को अभी बाजार में लॉन्च नहीं किया गया है।


















