कानपुर: महाराष्ट्र से मध्य प्रदेश के इंदौर के लिए भेजी गई करीब 740 बोरी चीनी रास्ते में रहस्यमय ढंग से गायब हो गई। भास्कर में प्रकाशित खबर के अनुसार, व्यापारी की शिकायत के बाद महाराष्ट्र पुलिस ने मामले की जांच शुरू की, जिसमें चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि चीनी की खेप इंदौर पहुंचने के बजाय उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले के मूसानगर क्षेत्र में उतारी गई थी। सूचना मिलते ही महाराष्ट्र पुलिस की टीम कानपुर देहात पहुंची और जांच तेज कर दी।
30 जुलाई को महाराष्ट्र से रवाना हुआ था ट्रक
चीनी से लदा ट्रक 30 जुलाई को महाराष्ट्र से रवाना हुआ था। यह खेप 2 से 3 अगस्त के बीच इंदौर पहुंचनी थी, लेकिन निर्धारित समय तक माल गंतव्य तक नहीं पहुंचा। इसके बाद व्यापारी ने महाराष्ट्र पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान महाराष्ट्र पुलिस ने ट्रक की लोकेशन और रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच में ट्रक के कानपुर देहात के मूसानगर क्षेत्र में पहुंचने के संकेत मिले। इसके बाद महाराष्ट्र पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय स्तर पर छानबीन शुरू की।
कुछ बोरियां बरामद, पूरी खेप अब भी लापता
महाराष्ट्र पुलिस के सब-इंस्पेक्टर गौरव सिंह ने बताया कि करीब 740 बोरी चीनी इंदौर भेजी गई थी, लेकिन पूरी खेप गंतव्य तक नहीं पहुंची। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रक निर्धारित मार्ग से हटकर मूसानगर कैसे पहुंचा और चीनी किसके निर्देश पर उतारी गई। पुलिस उस स्थानीय व्यापारी से भी पूछताछ कर रही है, जिसके परिसर में चीनी उतारे जाने की जानकारी मिली है। खरीद-फरोख्त, सौदे और डिलीवरी से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि पहले पूरी खेप मूसानगर में उतारी गई और बाद में उसे अलग-अलग व्यापारियों को बेच दिया गया। अब तक कुछ बोरियां बरामद हुई हैं, लेकिन पूरी खेप का पता नहीं चल सका है।
साजिश और अवैध बिक्री के एंगल से जांच
महाराष्ट्र पुलिस इस मामले को सुनियोजित साजिश, माल चोरी और अवैध बिक्री के संभावित एंगल से भी जांच रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि पूरी चीनी की खेप कहां गई और इसमें कितने लोग शामिल हैं। पुलिस ट्रक चालक और अन्य संबंधित लोगों से भी पूछताछ कर रही है। कानपुर देहात की पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने बताया कि महाराष्ट्र पुलिस चीनी से लदे ट्रक की जांच के सिलसिले में जिले में आई है। स्थानीय पुलिस भी मामले से जुड़ी सभी जानकारियां जुटा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


















