नवादा : राज्य सरकार के निर्देश पर प्रदेश के विभिन्न जिलों में चीनी मिलों की स्थापना के लिए अधिकारीयों द्वारा सरकारी भूमि का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को एडीएम सह डीसीएलआर गौरव शंकर ने स्थानीय अंचल अधिकारी राजेश कुमार के नेतृत्व में वारिसलीगंज प्रखंड क्षेत्र के तीन स्थानों पर भूमि का निरीक्षण किया। भास्कर में प्रकाशित खबर के अनुसार, निरीक्षण किए गए स्थलों में मकनपुर गांव के पश्चिम से गुजरी पौरा पूर्वी नहर से पश्चिमी मनीगढ़ खंधा, माफी गांव के पश्चिम तथा नारोमुरार गांव के पूरब मरलाही नदी खंधा और ठेरा पंचायत की महेशपुर खंधा स्थित सरकारी भूमि शामिल है।
निरीक्षण के बाद इन भूमियों का खाता-खेसरा और नजरी नक्शा जिलाधिकारी को सौंपा जाएगा। इसके बाद जिलाधिकारी इसे राज्य सरकार को भेजेंगे, ताकि चीनी मिल स्थापित करने की दिशा में आगे की कार्रवाई की जा सके। चीनी मिल के लिए भूमि निरीक्षण से क्षेत्र के किसानों में खुशी का माहौल है।मिल की स्थापना से किसान, मजदूर और क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है। बिहार सरकार की इस पहल का उद्देश्य चीनी उद्योग के माध्यम से राज्य में किसानों और युवाओं को विकास के नए अवसर निर्माण करना है।


















