भुवनेश्वर: ओडिशा सरकार जल्द ही झारसुगुड़ा, नबरंगपुर, क्योंझर और ढेंकानाल जिलों में राइस एटीएम शुरू करने जा रही है। यह जानकारी राज्य के खाद्य आपूर्ति और उपभोक्ता कल्याण मंत्री के.सी. पात्रा ने बुधवार को विधानसभा में दी।मंत्री ने बीजेडी विधायक गौतम बुद्ध दास के लिखित प्रश्न का उत्तर देते हुए बताया कि, राज्य का पहला राइस एटीएम वर्ष 2024 में खुर्दा जिले के भुवनेश्वर नगर निगम (BMC) क्षेत्र के मंचेश्वर इलाके में स्थापित किया गया था।
उन्होंने कहा कि, जुलाई 2024 से अब तक कुल 20,217 राशन कार्ड धारकों ने मंचेश्वर स्थित राइस एटीएम से लगभग 3,800 क्विंटल चावल प्राप्त किया है।यह राइस एटीएम संयुक्त राष्ट्र के वर्ल्ड फूड प्रोग्राम (WFP) के सहयोग से स्थापित किया गया था।राज्य सरकार ने 2025–26 के बजट में इसके लिए अलग से कोई राशि आवंटित नहीं की है।गौरतलब है कि, राइस एटीएम पहल का उद्देश्य गरीब लोगों की पोषण सुरक्षा बढ़ाना है, ताकि उन्हें 24 घंटे चावल उपलब्ध हो सके।इस सुविधा का लाभ लेने के लिए लाभार्थियों को आधार कार्ड के जरिए बायोमेट्रिक सत्यापन करना होगा। सत्यापन पूरा होने के बाद मशीन लगभग पांच मिनट के भीतर निर्धारित मात्रा में चावल उपलब्ध करा देती है।


















