भुवनेश्वर: ओडिशा सरकार ने बैटरी से चलने वाले इलेक्ट्रिक वाहनों तथा मेथनॉल और एथेनॉल से संचालित परिवहन वाहनों के लिए परमिट शुल्क माफ कर दिया है। इस कदम का उद्देश्य राज्य में स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देना है। ओम्मकॉम न्यूज़ की रिपोर्ट के अनुसार, यह फैसला वैकल्पिक ईंधन वाले वाहनों को अपनाने को प्रोत्साहित करने के लिए लिया गया है। राज्य के वाणिज्य एवं परिवहन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के तहत ओडिशा में संचालित पात्र वाहनों को आवश्यक परमिट बिना किसी परमिट शुल्क के जारी किए जाएंगे।हालांकि, इस छूट का लाभ 3,000 किलोग्राम से कम सकल वाहन भार (GVW) वाले मालवाहक वाहनों को नहीं मिलेगा।
परमिट लेना फिर भी अनिवार्य
विभाग ने स्पष्ट किया है कि, पात्र वाहन मालिकों को परमिट शुल्क नहीं देना होगा, लेकिन मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के तहत परमिट लेना अनिवार्य रहेगा। आवश्यक परमिट सक्षम परिवहन अधिकारियों द्वारा जारी किए जाते रहेंगे।इसके अलावा, वाहनों से जुड़े अन्य सभी कानूनी और वैधानिक नियम लागू रहेंगे। वाहन मालिकों को वैध पंजीकरण, बीमा और फिटनेस प्रमाणपत्र के साथ-साथ प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र भी रखना होगा। इसके अलावा लागू सरकारी करों और अन्य शुल्कों का भुगतान करना होगा। ओडिशा सरकार की इस पहल से राज्य में इलेक्ट्रिक और वैकल्पिक ईंधन वाले वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे वाहनों से होने वाले प्रदूषण और उत्सर्जन को कम करने तथा राज्य में अधिक स्वच्छ परिवहन व्यवस्था विकसित करने में मदद मिल सकती है।


















