बरेली (उत्तर प्रदेश) : देवरनियां स्थित सेमीखेड़ा किसान सहकारी चीनी मिल में गन्ने की भारी कमी के चलते पेराई सत्र अपने अंतिम दौर में पहुंच गया है। मिल की रफ्तार काफी धीमी हो चुकी है और इसके जल्द बंद होने की संभावना जताई जा रही है। गन्ने की कमी के कारण मिल को बार-बार रोककर चलाना पड़ रहा है, जिससे इलाके में चिंता का माहौल है।‘भास्कर’ में प्रकाशित खबर के अनुसार, गुरुवार को भी गन्ने के अभाव में मिल अधिकतर समय बंद रही और केवल कुछ समय के लिए ही पेराई कार्य हो सका।मिल प्रबंधन पहले ही दो बार किसानों से गन्ना आपूर्ति बढ़ाने की अपील कर चुका था। अब अंतिम नोटिस जारी कर दिया गया है।
इस सत्र की शुरुआत 10 नवंबर को 35 लाख क्विंटल गन्ना पेराई के लक्ष्य के साथ हुई थी और 12 नवंबर से नियमित संचालन शुरू हुआ। शुरुआत में काम संतोषजनक रहा, लेकिन मशीनों की खराबी और गन्ने की अनियमित आपूर्ति के कारण उत्पादन प्रभावित होता रहा।मिल से जुड़े करीब दस गन्ना क्रय केंद्रों पर पूरे सत्र में खरीद जारी रही, लेकिन अब खेतों में गन्ना लगभग खत्म हो चुका है और क्रय केंद्र भी खाली हो गए हैं, जिससे मिल चलाना मुश्किल हो गया है।


















